प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज अपने मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 89वें एपिसोड को संबोधित किया। यह रेडियो संबोधन ऐसे समय में आया है जब 26 मई को प्रधानमंत्री ने अपने प्रधानमंत्री के कार्यकाल के 8 साल को पूरा कर लिया है। इससे पहले के एपिसोड यानि 88वें एपिसोड में, प्रधानमंत्री ने राष्ट्रीय राजधानी में उद्घाटन किए गए ‘प्रधानमंत्री संग्रहालय’ का उल्लेख करते हुए देश के पूर्व प्रधानमंत्रियों के योगदान को याद किया था।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार, 29 मई को अपने मासिक रेडियो कार्यक्रम मन की बात के 89वें एपिसोड को संबोधित करते हुए अपने दर्शकों से अपने क्षेत्र में काम कर रहे महिला स्वयं सहायता समूहों के बारे में पता लगाने, उनके द्वारा बनाए गए उत्पादों के बारे में जानकारी इकट्ठा करने और इन उत्पादों का यथासंभव उपयोग करने का आग्रह किया। उन्होंने तमिलनाडु के तंजावुर से महिला सशक्तिकरण की एक प्रेरक कहानी को भी दर्शकों के बीच साझा की।
साथ ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि, देश में स्टार्टअप की संख्या लगातार बढ़ रही है। खास बात यह है कि वैश्विक महामारी के समय में भी देश में स्टार्टअप की संख्या बढ़ी है। देश में यूनिकॉर्न की संख्या 100 के पार जा चुकी है। मुझे इस बात का गर्व है कि भारत में बहुत से ऐसे मेंटर्स हैं, जिन्होंने स्टार्टअप को आगे बढ़ाने के लिए खुद को समर्पित कर दिया है। स्टार्ट अप की दुनिया नए भारत की ताकत को दिखा रही है।
इसके साथ ही अब आज के समय में भारत का स्टार्टअप सिर्फ बड़े शहरों तक ही सीमित नहीं है। छोटे-छोटे शहरों और कस्बों से भी लोग सामने आ रहे हें। इससे पता चलता है कि भारत में जिनके पास इनोवेटिव आइडिया है, वे वेल्थ बना सकते हैं।
देश में कई सारी भाषाओं, लिपियाें और बोलियों का समृद्ध खजाना है। अलग-अलग क्षेत्रों में अलग-अलग पहनावा, खानपान और संस्कृति, यही हमारी पहचान है। ये विविधता एक राष्ट्र के रूप में हमें अधिक सशक्त करती है और एकजुट रखती है।
प्रधानमंत्री ने इसके साथ ही देश के तीर्थ स्थलों की गरिमा बनाए रखने के लिए भी जोर देते हुए कहा की हमें देश के तीर्थ स्थलों की गरिमा बनाये रखने की जरूरत है। इस समय में उत्तराखंड के चार धाम की पवित्र यात्रा चल रही है। यहां हर दिन हजारों की संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। लेकिन मैंने देखा है कि श्रद्धालु केदारनाथ में कुछ यात्रियों द्वारा फैलाई जा रही गंदगी की वजह से दुखी हैं।
सोशल मीडिया पर कई लोगों ने अपनी बात रखी है। हम पवित्र यात्रा में जाएं और वहां गंदगी का ढेर हो, यह ठीक नहीं। साफ-सफाई, एक पवित्र वातावरण को हमें कभी भूलना नहीं चाहिए। उसे जरूर बनाए रखें।
अगले महीने की 21 जून को होने वाले योग दिवस को लेकर भी मोदी ने ‘मन की बताट में अपनी बात कही। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, “हम 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाने वाले हैं। इस बार योग दिवस की थीम है, “मानवता के लिए योग” रहेगा। मैं आप सभी से योग दिवस उत्साह के साथ मनाने का आग्रह करता हूं। आप अभी से तैयारी शुरू कर दीजिए। हर किसी को योग दिवस से जोड़ने के लिए प्रेरित कीजिए।
आपको बता दें कि ‘मन की बात’ एक रेडियो कार्यक्रम है, जो हर महीने के आखिरी रविवार को ‘ऑल इंडिया रेडियो’ पर प्रसारित होता है, जिसमें पीएम मोदी श्रोताओं के साथ बातचीत करते हैं। ‘मन की बात’ का पहला एपिसोड 3 अक्टूबर 2014 को प्रसारित किया गया था।
