दुनिया में लोगों को आपस में जोड़ने का एक माध्यम फेसबुक (Facebook) अब एक नए नाम से जाना जायेगा। दरअसल, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक की होल्डिंग कंपनी का नाम बदल गया है। रीब्रांड की प्लानिंग के तहत अब फेसबुक को मेटा (Meta) के नाम से जाना जाएगा। मेटावर्स का मतलब एक ऑनलाइन दुनिया से है, जहाँ लोग वर्चुअली गेम खेल सकते हैं, काम कर सकते हैं और संपर्क स्थापित कर सकते हैं।
यह नया प्लेटफॉर्म एक नए कंपनी ब्रांड के तहत ऐप्स और तकनीकों को एक साथ लाएगा। इसमें शामिल होने वाले ऐप में इंस्टाग्राम (Instagram), व्हाट्सएप (WhatsApp) और वर्चुअल रियलिटी ब्रांड ओकुलस (Oculus) है। हालाँकि, अभी इन प्लेटफॉर्म्स के नाम में कोई बदलाव नहीं होंगे। यह बदलाव इन सबके स्वामित्व वाली पेरेंट कंपनी के लिए है।
फ़ेसबुक ने यह क़दम तब उठाया है, जब उसकी एक पूर्व कर्मी की ओर से दस्वावेज़ लीक करने के बाद नकारात्मक रिपोर्ट्स सिलसिलेवार ढंग से सामने आईं। नाम बदलने के साथ ही कंपनी में रोजगार के भी अवसर बढ़ने वाले हैं। फेसबुक ने सोशल नेटवर्क को मेटावर्स बनाने में मदद करने के लिए 10,000 लोगों को काम पर रखने की घोषणा की है। मेटा वर्ड ग्रीक से आया है और इसका मतलब बीऑन्ड (Beyond) यानी आगे होता है।
