कोरोना रोधी टीका उपलब्ध होते ही बिहार में शुक्रवार को टीकाकरण ने फिर रफ्तार पकड़ ली। बिहार 24 घंटे में सर्वाधिक टीकाकरण के मामले में देश में नंबर वन हो गया। दूसरे स्थान पर उत्तर प्रदेश और तीसरे पर महाराष्ट्र रहा। कोविन पोर्टल पर रात नौ बजे तक जारी आंकड़ों के अनुसार राज्य में 5 लाख 44 हजार 244 लोगों का टीकाकरण हुआ। राज्य में 3817 केंद्रों पर टीके लगाए गए। बिहार ने पांच लाख का आंकड़ा नौ दिन बाद पार किया। इससे पूर्व 21 जून को राज्य में 7.29 लाख टीके लगे थे। टीकाकरण के मामले में भागलपुर आगे रहा, जबकि रात नौ बजे तक दर्ज आंकड़ों के अनुसार किशनगंज में महज 133 लोगों को टीके लगे थे।

राज्य सरकार ने 21 जून को टीकाकरण के महाभियान का आगाज किया था। छह महीने में छह करोड़ लोगों को टीका लगाने का लक्ष्य रखा गया है। लक्ष्य की प्राप्ति के लिए 3.30 लाख प्रतिदिन के औसत से टीकाकरण किया जाना है। हालांकि राज्य में 22 जून के बाद से ही टीके का संकट गहराने लगा था। हर दिन घटते टीकाकरण से महाभियान को झटका लगा। हालांकि केंद्र सरकार का अगले छह महीने के लिए महाभियान एक जुलाई से शुरू हुआ। एक जुलाई को भी राज्य में करीब दो लाख लोगों को टीके लगे। वहीं, दो जुलाई को आंकड़ा पांच लाख पार कर गया। टीका उपलब्ध होते ही राज्य में टीकाकरण केंद्रों की संख्या भी बढ़ गई। शुक्रवार को हुए कुल टीकाकरण में 18 पार वालों को 3 लाख 57 हजार 50 लोगों को टीके लगाए गए। 

तीन लाख टीका और मिला
जहां तक कोरोना वैक्सीन का सवाल है तो बिहार को बीते चार दिनों में 16.58 लाख टीके की डोज मिली हैं। शुक्रवार को देर शाम तीन लाख टीके और स्वास्थ्य विभाग को मिल गए। इससे पूर्व मंगलवार को 2.83 लाख, बुधवार को पौने आठ लाख और गुरुवार को तीन लाख डोज मिली थी। अब टीके की अगली खेप सात या आठ जुलाई को मिलने की उम्मीद है। राज्य को यदि इसी गति से टीका मिला तो तय लक्ष्य तक पहुंचने की राह आसान हो जाएगी।

टीकाकरण में टॉप पांच राज्य 
राज्य         टीका लगा 
बिहार         5,44,244
उत्तर प्रदेश     4,12,639
महाराष्ट्र         3,80,714
आंध्र प्रदेश    3,34,676
प. बंगाल        3,05470

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *