samastipursamastipur

बिहार के समस्‍तीपुर जिले में जदयू के जिलाध्‍यक्ष और पूर्व सांसद अश्वमेघ देवी के भाई और सीएसपी के संचालक सुनील कुमार को अपराधियों ने दिनदहाड़े गोलियों से भून दिया। उनकी हत्‍या से क्षेत्र में हड़कंप मच गया है। सुनील कुमार पर यह हमला उस वक्‍त हुआ जब वह बैंक से रुपए निकालकर जा रहे थे। बताया जा रहा है कि वारदात के बाद बदमाश रुपए लेकर फरार हो गए। 

मिली जानकारी के अनुसार दो बाइक सवार बदमाशों ने इस वारदात को अंजाम दिया। सुनील मेयारी स्थित सीएसपी में संचालक थे। वह आज सरायरंजन के सेंट्रल बैंक से 3.60 लाख रुपए निकालकर जा रहे थे। इसी दौरान रास्‍ते में दो बाइकों पर सवार पांच अपराधियों ने उन्‍हें घेरकर गोली मार दी और रुपए लेकर फरार हो गए। सरायरंजन थाने के झखरा गांव में कॉलेज के पास यह वारदात हुई। 

घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने छानबीन शुरू कर दी। प्रत्‍यक्षदर्शियों ने पुलिस को बताया कि पांच अपराधियों ने घटना का अंजाम दिया है। पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू कर दी है। वारदात के बाद से क्षेत्र में दहशत का माहौल है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज से भी हत्‍यारों का सुराग लगाने का प्रयास कर रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। 

उजियारपुर से सांसद रह चुकी हैं अश्‍वमेघ देवी 
गौरतलब है कि अश्‍वमेघ देवी उजियारपुर सीट से सांसद रह चुकी हैं। वह वर्तमान में जनता दल यूनाइटेड समस्‍तीपुर की जिलाध्‍यक्ष हैं। पिछले विधानसभा चुनाव में राष्‍ट्रीय जनता दल (राजद) के उम्‍मीदवार ने उन्‍हें हरा दिया था। इसके बाद पार्टी ने अश्‍वमेघ देवी को जिलाध्‍यक्ष बना दिया। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *