बिहार में भी पिछले 24 घंटे में रिकॉर्ड 4786 नए कोरोना संक्रमितों की पहचान की गई, जो कि एक दिन पहले मंगलवार को मिले 4157 नए संक्रमितों से 13.14 फीसदी अधिक है। पिछले 24 घंटे में 1189 कोरोना संक्रमित मरीज इलाज के बाद स्वस्थ हो गए, जबकि 21 संक्रमितों की इलाज के दौरान मौत हो गयी। वहीं, स्वस्थ होने वालों से करीब चार गुना अधिक नए संक्रमितों की पहचान हुई।
बिहार में नाइट कर्फ्यू लगाने के सवाल पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने गुरुवार को कहा कि 17 अप्रैल को राज्यपाल की अध्यक्षता में सर्वदलीय बैठक होनी है। उस बैठक में जो भी सुझाव आएंगे, उसके बाद आगे क्या करना है, इस पर निर्णय लिया जाएगा। फिलहाल हम लोग एक एक चीज पर नजर रखे हुए हैं । जो भी बाहर से आ रहे हैं उनका जांच करा रहे हैं। प्रतिदिन कोरोना की जांच को एक लाख से भी अधिक बढ़ाना है। जितना अधिक जांच होगा उससे इसके फैलाव को रोकने में मदद मिलेगी। आईजीआईएमएस में मीडिया के सवालों का मुख्यमंत्री जवाब दे रहे थे। बता दें कि आज मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आईजीआईएमएस में कोरोना टीका का दूसरा डोज लिया।
केंद्र सरकार के निर्देश पर 11 से 14 अप्रैल तक आयोजित टीका उत्सव के दौरान राज्य में प्रतिदिन चार लाख लोगों को कोरोना टीका देते हुए कुल 16 लाख लोगों को कोरोना टीका देने का लक्ष्य था, वहां मात्र 5 लाख 44 हजार 269 व्यक्तियों को ही कोरोना टीका दिया गया। टीका उत्सव के अंतिम दिन बुधवार को 1 लाख 32 हजार 426 व्यक्तियों को ही कोरोना टीका दिया गया। इनमें 1 लाख 10 हजार 248 व्यक्तियों को कोरोना टीका का पहला डोज और 22 हजार 178 व्यक्तियों को दूसरा डोज दिया गया।

