Report by Manisha:
कोरोना संक्रमण की स्थिति बिहार में भयानक रूप लेती जा रही है। रोजाना कोरोना के मिलने वाले आंकड़े अपने ही पिछले रिकॉर्ड को तोड़ने में लगा है। वहीं 48 घंटे में कोविड-19 मरीजों की संख्या 7200 पार करते हुए 7225 पर पहुंच गया है जबकि इलाज के दौरान 12 मरीजों ने अबतक अपनी जानें गंवाई है। रविवार तक कुल सक्रिय संक्रमितों में करीब 50 फीसदी संक्रमितों की पहचान पिछले 48 घंटे में हुई है।
इतना ही नहीं राज्य में कोरोना के सक्रिय संक्रमितों की संख्या 14,695 पर पहुंच गई है। इनमें 3756 नए कोरोना संक्रमितों की पहचान रविवार को हुई है। स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक राज्य में अब तक कोरोना से 2 लाख 83 हजार 229 व्यक्ति संक्रमित हो चुके हैं, वहीं सरकारी आंकड़ों के मुताबिक अब तक 1610 मरीजों की इलाज के दौरान मौत हो चुकी है।
रविवार को राज्य में चलाए जा रहे कोरोना जांच अभियान के दौरान 3756 नए कोरोना संक्रमितों की पहचान की गई। जबकि पिछले वर्ष 14 अगस्त को 3911 नए संक्रमितों की पहचान एक दिन में हुई थी। करीब साढ़े सात महीने के बाद फिर अधिकतम संक्रमितों की पहचान की गई है। राज्य में पिछले 24 घंटे में 1053 कोरोना संक्रमित इलाज के बाद स्वस्थ हो गए, जबकि इलाज के दौरान छह कोरोना संक्रमितों की मौत हो गयी। राज्य में कोरोना संक्रमितों के स्वस्थ होने की दर 94.24 फीसदी रही। वहीं, राज्य में कोरोना के सक्रिय मरीजों की संख्या बढ़कर 14,695 हो गई।
आठ जिलों में कोरोना के सौ से अधिक संक्रमित, पटना में एक हजार से ज्यादा मरीज मिले
स्वास्थ्य विभाग से मिली जानकारी के मुताबिक पटना सहित राज्य के आठ जिलों में कोरोना के सौ से अधिक संक्रमितों की पहचान की गई। पटना में सर्वाधिक 1382 नए कोरोना संक्रमित मिले। बेगूसराय में 113, भागलपुर में 302, गया में 290, जहानाबाद में 165, मुंगेर में 102, मुजफ्फरपुर में 191 और सीवान में 108 नए कोरोना संक्रमितों की पहचान की गई। वहीं बाकी शेष जिलों में भी कोरोना के नए संक्रमितों की पहचान की गई।
कोरोना संक्रमित 1610 मरीजों की अब तक इलाज के दौरान मौत
स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक राज्य में अब तक कोरोना से 2 लाख 83 हजार 229 व्यक्ति संक्रमित हो चुके हैं, जबकि इनमें से 2 लाख 66 हजार 923 व्यक्ति इलाज के बाद स्वस्थ हो चुके हैं। राज्य में इलाज के दौरान अबतक कोरोना संक्रमित 1610 मरीजों की मौत हो चुकी है।
दो दिनों में 1 लाख 94 हजार 135 सैम्पल की जांच हुई
जबकि इन दो दिनों में यानी शनिवार और रविवार को राज्य में कुल 1 लाख 95 हजार 135 सैम्पल की कोरोना जांच की गई। रविवार को 99 हजार 23 सैम्पल और शनिवार को 95 हजार 112 सैम्पल की कोरोना जांच की गई थी।

