WeatherWeather

Report by Manisha:

बिहार के 12 अप्रैल से इन 14 जिलों में हीट वेव के आसार हैं। मौसम विज्ञान विभाग के मुताबिक राज्य के दक्षिणी मध्य और दक्षिणी पश्चिमी जिलों में पारा 41 के आसपास रह सकता है। इसके साथ ही गर्म पछुआ हवाओं के तेज प्रवाह की वजह से लू की स्थिति रहेगी।येलो अलर्ट जारी कर मौसम विज्ञान केंद्र पटना की ओर से लोगों को सचेत रहने को कहा गया है। प्रभावित होने वाले जिलों में पटना, गया, नालंदा, शेखपुरा, नवादा, बेगूसराय, लखीसराय, बक्सर, भोजपुर, रोहतास, भभुआ, औरंगाबाद, जहानाबाद और अरवल शामिल हैं। सुबह दस बजे से लेकर शाम पांच बजे तक इन जिलों में गर्म हवाओं की स्थिति बनी रह सकती है। वहीं मौसमविदों ने दोपहर में बेवजह घर से बाहर न निकलने की सलाह दी है।

क्षोभ मंडल में नमी का प्रवाह

जबकि गुरुवार को न्यूनतम तापमान में आंशिक बढ़ोतरी राज्य के अधिकतम जिलों में देखी गई। हालांकि बंगाल की खाड़ी क्षेत्र से जो कि क्षोभमंडल के निचले स्तर में है इससे नमी का प्रवाह हो रहा है। वहीं पटना में भी इसका असर दिखा और न्यूनतम पारा 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास पहुंच गया। अधिकतम तापमान में पिछले 24 घंटों में तीन डिग्री की बढृोतरी हुई और यह 39 के पार पहुंच गया। गया में भी अधिकतम पारा एक डिग्री तक ऊपर चढ़ा है।

भागलपुर और वाल्मिकीनगर में भी अधिकतम तापमान में आंशिक रूप से बढ़ोतरी हुई है। इधर सुपौल व आसपास के जिलों में देर शाम थंडरस्टॉर्म एक्टिविटी देखी गई। आंधी पानी का ताजा अलर्ट मौसम विभाग की ओर से जारी किया गया। यहा 30 से 40 किमी की तेज रफ्तार से हवा चली। इससे पहले शुक्रवार को दक्षिण बिहार में कुछ जगहों पर आंधी पानी का पूर्वानुमान जारी किया गया था लेकिन मौसमी सिस्टम इस तरह से विकसित न होने के कारण ऐसी संभावना कम है। अगले दो दिनों तक सूबे के मौसम में कोई खास बदलाव के आसार नहीं हैं।

ऐसा रहा प्रमुख शहरों का पारा

शहर अधिकतम न्यूनतम

पटना 39.6 25

गया 39.4 20.8

भागलपुर 36.7 24

पूर्णिया 32 24.5

वाल्मिकीनगर 38 22