पटना। पटना शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में विधान परिषद चुनाव को लेकर राजनीतिक और शिक्षक संगठनों के बीच गतिविधियां तेज होती दिखाई दे रही हैं। इसी क्रम में प्रत्याशी डॉ. दिव्या ज्योति ने वित्तरहित शिक्षकों की समस्याओं को चुनावी विमर्श के केंद्र में रखते हुए सम्मान, न्याय, आर्थिक सुरक्षा और अधिकार को लेकर अपना संकल्प-पत्र जारी किया है।
डॉ. दिव्या ज्योति ने अपने अभियान में दावा किया है कि वित्तरहित शिक्षकों की समस्याएं कई दशकों से चली आ रही हैं। उनके प्रचार सामग्री में 1980 से लेकर 2025-26 तक वित्तरहित शिक्षा व्यवस्था, अनुदान, सेवा सुरक्षा, वेतन, पेंशन और संस्थानों से जुड़े मुद्दों का उल्लेख किया गया है। अभियान का मुख्य नारा है—“शिक्षक का सम्मान—शिक्षा का उत्थान—न्यायपूर्ण व्यवस्था, सुरक्षित भविष्य।”
पांच प्रमुख संकल्पों पर फोकस
डॉ. दिव्या ज्योति के संकल्प-पत्र में पांच प्रमुख मुद्दों को प्राथमिकता दी गई है।
पहला—वित्तरहित शिक्षक न्याय आयोग:
सभी वित्तरहित शिक्षकों के मर्म, रिटायरमेंट, लंबित मामलों और समस्याओं के समाधान के लिए आयोग के गठन की मांग को प्रमुखता दी गई है।
दूसरा—सम्मानजनक आर्थिक सुरक्षा:
वेतन, अनुदान, डिजिटल भुगतान तथा शिक्षकों की आर्थिक सुरक्षा से जुड़े मुद्दों के समाधान की बात कही गई है।
तीसरा—सेवा सुरक्षा एवं अधिकार:
सेवा पुस्तिका, नियुक्ति सत्यापन, पेंशन, भविष्य निधि और चिकित्सा सुरक्षा सहित सेवा संबंधी अधिकारों को मजबूत करने का संकल्प जताया गया है।
चौथा—संस्थानों का समग्र विकास:
वित्तरहित एवं अल्पसंख्यक संस्थानों के लिए डिजिटल ढांचा, पुस्तकालय, प्रयोगशाला, खेलकूद और आधारभूत सुविधाओं के विकास की बात कही गई है।
पांचवां—विधान परिषद में प्रभावी आवाज:
संकल्प-पत्र में कहा गया है कि शिक्षकों के मुद्दों को विधान परिषद में मजबूती से उठाया जाएगा और उनके समाधान के लिए लगातार प्रयास किया जाएगा।
‘100 दिन’ का भी एजेंडा
अभियान सामग्री में पहले 100 दिनों के कार्यक्रम का भी उल्लेख है। इसमें वित्तरहित शिक्षकों की समस्याओं को लेकर संबंधित स्तर पर पहल, शिक्षक संगठनों के साथ संवाद, सेवा एवं आर्थिक सुरक्षा से जुड़े मामलों को उठाने तथा समस्याओं के समाधान की दिशा में काम करने का दावा किया गया है।
डॉ. दिव्या ज्योति ने अपने अभियान को केवल वेतन के सवाल तक सीमित नहीं रखते हुए इसे “सम्मान, न्याय और शिक्षक के अधिकार” का मुद्दा बताया है। उनका संदेश है कि शिक्षक समुदाय की समस्याओं का स्थायी समाधान और शिक्षा व्यवस्था का सुदृढ़ीकरण साथ-साथ होना चाहिए।
30 साल के प्रतिनिधित्व पर भी सवाल
इसी बीच चुनावी माहौल में एक अन्य प्रचार सामग्री के जरिए पटना शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में लंबे समय से रहे प्रतिनिधित्व पर भी सवाल उठाए गए हैं। इसमें “30 साल से MLC… लेकिन शिक्षकों के बीच कहां?” जैसे सवाल के साथ शिक्षकों की समस्याओं, वित्तरहित संस्थानों, पुराने वेतन-पेंशन और पारदर्शी व्यवस्था जैसे मुद्दों को उठाया गया है।
हालांकि, ऐसे चुनावी दावों और आंकड़ों की स्वतंत्र आधिकारिक पुष्टि अलग से किया जाना आवश्यक है। फिलहाल इतना स्पष्ट है कि पटना शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में चुनावी मुकाबला केवल राजनीतिक प्रतिनिधित्व का नहीं, बल्कि वित्तरहित शिक्षकों के वेतन, सेवा सुरक्षा, पेंशन, अनुदान और सम्मान जैसे सवालों पर भी केंद्रित होता जा रहा है।
ब्रजेन्द्र मिश्र
प्रधान संपादक
चौकस भारत
