Rail AccidentRail Accident

Report by Manisha:

गुरुवार की सुबह बिहार की राजधानी पटना में बड़ा रेल हादसा टल गया। बाढ़ रेलवे स्टेशन से गुजरने के दौरान अथमलगोला थाने के रजपुरा गांव के पास ट्रैक पार कर रहे ऑटो से ब्रह्मपुत्र मेल ने टकरा गई। गनीमत रही कि यात्रियों ने ट्रेन के टकराने से पहले ही ऑटो से छलांग लगा दी। घटना में किसी को चोटें नहीं आई हैं। वहीं चालक फरार हो गया। हादसे के कारण करीब 15 मिनट तक ट्रेन रुकी रही।

जबरन ट्रैक पार करा रहा था ऑटो चालक: मिली जानकारी के अनुसार गुरुवार की सुबह करीब 12ः30 बजे डिब्रूगढ़ से भागलपुर होते हुए दिल्ली तक जाने वाली ब्रह्मपुत्र मेल बाढ़ रेलवे स्टेशन को पार कर रही थी, जैसी ही ट्रेन अथमलगोला थाना के रजपुरा गांव के पास पोल संख्या 487/9 के पास पहुंची कि सामने से यात्रियों से भरा ऑटो आ गया। ऑटो चालक जबरन रेल ट्रैक से वाहन पर करा रहा था। अचानक ऑटो को ट्रैक पर आता देख ट्रेन चालक ने इमरजेंसी ब्रेक लगा दी। इस दौरान ऑटो के पास ट्रेन छू गई, जिससे ऑटो के दो पहिए हवा में आ गए व ट्रेन रुक गई। इसके बाद स्थानीय लोगों ने धक्का देते हुए ऑटो को पटरी से पार कराया।

ट्रेन आते देख ऑटो से कूदे यात्री: प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि ऑटो चालक जबरन ट्रैक से ऑटो पार करा रहा था। ब्रह्मपुत्र मेल को देख कुछ यात्रियों ने उसे ऑटो आगे न ले जाने के लिए भी बोला, पर वे नहीं माना। पटरी पार करने के दौरान जबतक यात्री कुछ समझ पाते ट्रेन एकदम ऑटो के नजदीक आ गई। ब्रह्मपुत्र मेल को पास आते देख यात्री और चालक ऑटो से कूद गए।

चालक की सूझबूझ से बची जान: स्थानीय लोगों ने बताया कि ट्रेन की स्पीड तेज थी। ऑटो को पटरी पर देख ट्रेन चालक ने तुरंत इमरजेंसी ब्रेक लगा दिया। हालांकि ऑटो तक पहुंचते-पहुंचते ट्रेन उसमें छू गई। अगर ट्रेन चालक इमरजेंसी ब्रेक नहीं लगाता तो हादसा बड़ा हो सकता था। ऑटो में बैठे यात्रियों को टक्कर मारने के बाद ट्रेन पटरी से उतर भी सकती थी। गनीमत रही कि किसी को कुछ हुआ नहीं।