ashutosh-shekar

बीते 12 जुलाई को देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देवघर वासियों को एयरपोर्ट का सौगात दिया था। लेकिन ये सौगात केवल देवघर या झारखण्ड वासियों के लिए नहीं था। बल्कि ये सौगात हर शिव भक्तों के लिए था। क्योंकि देवघर स्थित बाबा धाम के दर्शन के लिए हर साल करोड़ों भक्त जाते हैं। और फ्लाइट सेवा शुरू होने से शिव भक्तों के लिए ये दर्शन काफी आसान हो गया है। और आज, 30 जुलाई शिव भक्तों के लिए एक और सौगात के रूप में हैं, क्योंकि आज से दिल्ली से देवघर की सीधी फ्लाइट सेवा शुरू कर दी गयी है।

सावन महीने में शिवभक्तों के लिए आज का दिन काफी खास है। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से झारखंड के देवघर के लिए सीधी फ्लाइट सेवा शनिवार, 30 जुलाई से शुरू होने जा रही है। खास बात यह है कि इंडिगो का जो विमान पहली बार दिल्ली से देवघर पहुँचने वाला है उसके पायलट आशुतोष शेखर खुद बाबा बैद्यनाथ के बड़े भक्त हैं। जो अब तक कई बार सावन महीने में बाबा के दरबार कांवर लेकर जा चुके हैं।

बिहार के जहानाबाद के रहने वाले आशुतोष 11 बार कांवर लेकर देवघर जा चुके हैं। अब फ्लाइट लेकर बाबा धाम पहुंचेंगे। बता दें कि कैप्टन आशुतोष का पैतृक घर जहानाबाद जिले के पंडुई में है। पायलट आशुतोष शेखर का कहना है कि उनकी चार पीढ़ियां भोले बाबा की भक्त रही है। बाबा बैद्यनाथ की नगरी देवघर से उनका पुराना लगाव रहा है। वह खुद बाबा को जल चढ़ाने के लिए 11 साल कांवर लेकर देवघर जा चुके हैं। सौभाग्य की बात है कि अब वे विमान उड़ाकर देवघर जाएंगे।

पायलट आशुतोष के मुताबिक वह अभी दिल्ली के पास गुड़गांव में रहते हैं। मगर आज भी अपने गांव की मिट्टी को नहीं भूल पाए। उन्हें जब भी समय मिलता है बिहार घुमने चले आते हैं। आशुतोष के पिता मुक्तेश्वर सिंह पेशे से वकील हैं। वे उनकी मां के साथ गांव से पटना शिफ्ट हो गए हैं। आशुतोष का कहना है कि वह बीते 6 सालों से पटना में कारगिल विजय उत्सव का आयोजन करा रहे हैं। गांव में भी समय-समय पर हेल्थ कैंप और अन्य सामाजिक कार्य करते हैं।

दिल्ली से देवघर जाने वाली इस फ्लाइट में उनकी पत्नी श्वेता रंजन भी बतौर यात्री शामिल होने जा रही है। और साथ ही खास बात यह है कि बीजेपी सांसद राजीव प्रताप रूडी खुद इस विमान में सह पायलट होंगे। इंडिगो की पहली फ्लाइट दिल्ली से शनिवार दोपहर एक बजे उड़ान भरेगी और दोपहर 2.45 बजे देवघर एयरपोर्ट पहुंचेगी। इस फ्लाइट में बीजेपी सांसद निशिकांत दुबे, अनुराग शर्मा, शाहनवाज हुसैन, शेखर सुमन, भोजपुरी स्टार रवि किशन, निरहुआ, मनोज तिवारी समेत अन्य यात्री मौजूद रहेंगे।

Join Telegram

Join Whatsapp

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *