समाजवादी पार्टी (Samajwadi Party) के संरक्षक मुलायम सिंह यादव (Mulayam Singh Yadav) की पत्नी साधना गुप्ता (Sadhna Yadav) का निधन हो गया है। फेफड़ों में इन्फेक्शन के चलते उनका गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल (Medanta Hospital) में इलाज चल रहा था। कुछ स्वास्थ्य समस्याओं की शिकायत के बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था। हालांकि, जब उनकी तबीयत बिगड़ गई, तो उन्हें आईसीयू में ट्रांसफर कर दिया गया, जहां उन्होंने अंतिम सांस ली।
उत्तर प्रदेश के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य (Keshav Prasad Maurya) ने गुप्ता के निधन पर शोक व्यक्त किया। उन्होंने ट्वीटर पर ट्वीट करते हुए लिखा, “पूर्व मुख्यमंत्री श्री मुलायम सिंह यादव जी की पत्नी श्रीमती साधना गुप्ता जी के निधन का दुखद समाचार मिला, प्रभू पुण्यात्मा को अपने श्री चरणों में जगह दे। आदरणीय श्री मुलायम सिंह जी और परिजनों को ये दुख सहन करने की क्षमता दे। ॐ शांति शांति शांति।”
साधना गुप्ता, मुलायम सिंह यादव की दूसरी पत्नी थीं और उनसे 20 साल छोटी थीं। प्रतीक यादव (Prateek Yadav) उनके बेटे हैं, जबकि भारतीय जनता पार्टी की नेता अपर्णा यादव (Aparna Yadav) उनकी बहू हैं। यूपी विधानसभा चुनाव 2022 से पहले ही अपर्णा यादव ने सपा को छोड़ बीजेपी का दामन थाम लिया था। वहीं, सपा सुप्रीमो अखिलेश की साधना यादव सौतेली मां हैं।
