gandhi-setu

बिहार के पथ निर्माण मंत्री नितिन नवीन ने राज्य में चल रही महत्वपूर्ण मेगा पुल-पुलिया व सड़क परियोजनाओं, की समीक्षा बैठक के दौरान अफसरों को स्पष्ट कहा कि महात्मा गांधी सेतु (Mahatma Gandhi Setu) के जीर्णोद्धार का काम हर हाल में 15 मई तक पूरा करें। इस अवधि के बाद एजेंसी को अवधि विस्तार नहीं दिया जाएगा। इसमें किसी भी स्तर पर विलंब बर्दाश्त नहीं होगा। गांधी सेतु के समानांतर बनने वाले नए सेतु का काम भी तेज करने को कहा गया।

विभागीय सभागार में मंत्री नितिन नवीन ने अपर मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत व अन्य अफसरों की मौजूदगी में आठ बड़ी परियोजनाओं की समीक्षा की। एनएच 106 वीरपुर-बिहपुर में बन रहे फुलौत ब्रिज की धीमी प्रगति पर मंत्री ने नाराजगी जताई। इस पुल का काम अब तक शुरू नहीं हो सका है।

मंत्री ने फोरलेन विक्रमशिला सेतु के टेंडर का काम शीघ्र पूरा करने को कहा। बिहारशरीफ-गया (एनएच 82) राजमार्ग की प्रगति में तेजी लाने को कहा। शिवहर-सीतामढ़ी-जनयगर-नरहिया (एनएच 104) राजमार्ग का काम 70 फीसदी पूरा हो चुका है। इस सड़क के शेष बचे काम को अगले वर्ष मार्च तक पूरा करने को कहा।