पटना में पिकनिक मनाने के लिए वैसे तो कई जगह है, लेकिन बात अगर पूरे परिवार के साथ पिकनिक मनाने की हो, तो आज भी कई लोग संजय गाॉंधी जैविक उद्यान यानि पटना के चिड़ियाघर को ही पहली तवज्जों देते हैं। नए साल आने में अब कुछ ही दिन बाकि है, और साल का पहला दिन ज्यादातर लोग अपनों के साथ अपने फेवरेट पिकनिक स्पॉट पर समय गुजारना बेहद पसंद करते हैं।
26 दिसंबर से कराएं एडवांस टिकट बुकिंग
इसी को देखते हुए नए साल के पहले दिन टिकट काउंटर पर अधिक भीड़ का सामना नहीं करना पड़े, इसके लिए जू (ZOO) प्रशासन एडवांस बुकिंग की सुविधा शुरू करने जा रहा है। नव वर्ष पर चिड़ियाघर की सैर करने के इच्छुक लोग 26 दिसंबर से एडवांस टिकट बुकिंग करा सकेंगे। जू प्रशासन के मुताबिक इस बार 20 हजार से अधिक विजिटर्स आने की उम्मीद है। ईको पार्क, वीर कुुंवर सिंह आजादी पार्क, शिवाजी पार्क सहित अन्य पार्कों में भी नए साल की तैयारी जोर-शोर से चल रही है।
100 और 50 की हो सकती है टिकट
जू प्रशासन के मुताबिक हर साल की तरह इस साल भी एक जनवरी को टिकट दर में बदलाव होने की संभावना है। वयस्क के लिए 100 रुपए और बच्चों के लिए 50 रुपए टिकट शुल्क हो सकता है। ईको पार्क की टिकट दर दोगुनी हो जाएगी। ईको पार्क में आठ और चिड़ियाघर में चार टिकट काउंटर होंगे। जरूरत पड़ने पर काउंटर की संख्या बढ़ाई जा सकती है।
नए मेहमान होंगे आकर्षण का केंद्र
इस बार जू में कई नए मेहमान भी आकर्षण के केंद्र होंगे। जिराफ, भालू, राइनो और हाइना के बच्चे शामिल रहेंगे, वहीं दर्शक कई नवनिर्मित केजों का भी लुत्फ उठा सकेंगे। इनमें राईनो संरक्षण और प्रजनन केंद्र, घड़ियाल केज, हाइना और सियार केज का आनंद उठा सकेंगे। विजिटर्स न केवल जानवरों का दीदार कर पाएंगे, बल्कि 3 डी थियेटर का भी लुत्फ उठा सकेंगे। चिड़ियाघर में खाद्य पदार्थ बनाने और साउंड सिस्टम के उपयोग पर बंदिश रहेगी।
