भारतीय क्रिकेट टीम के वनडे और टी-20 फॉर्मेट के नए कप्तान रोहित शर्मा (Rohit Sharma) ने जिम्मेदारी संभालने के बाद पहली वर्ल्डकप (WorldCup), राहुल द्रविड़ (Rahul Dravid) और पूर्व कप्तान विराट कोहली (Virat Kohli) को लेकर अपनी राय रखी।
बीसीसीआई की वेबसाइट पर बात करते हुए रोहित शर्मा ने पूर्व कप्तान विराट कोहली की जमकर तारीफ की, और बतौर बल्लेबाज टीम में उनका रोल कितना अहम है, ये भी बताया।
कोहली की तारीफ
BCCI को दिए इंटरव्यू में रोहित शर्मा ने विराट कोहली को लेकर कहा, ‘विराट कोहली ने टीम की अगुवाई शानदार तरीके से की है और अब टीम उस जगह है जहां से पीछे नहीं देखा जा सकता है। विराट की अगुवाई में टीम को एक ही संदेश था कि हमें जीतने के लिए खेलना है।’ उन्होने कहा कि मैंने विराट के साथ काफी क्रिकेट खेला है, तब से अब तक मुझे काफी मज़ा आया है। हम एक टीम के तौर पर आगे बढ़ते रहेंगे और बेहतर करने की कोशिश करेंगे।
रोहित शर्मा ने कहा, “टीम में क्रिकेटर्स को अपने-अपने रोल के बारे में बता दिया जाएगा। टीम किसी खिलाड़ी से क्या उम्मीद कर रही है ये अगर खिलाड़ी को पता होता है तो परफॉर्म करना आसान होता है।”
बाहर की बातें मायने नहीं रखती
बता दें, रोहित को वनडे का कप्तान बनाए जाने के बाद सौरव गांगुली से लेकर BCCI तक को ट्रोल किया जा रहा है। ये भी कहा जा रहा है कि विराट कोहली और रोहित के रिश्ते अच्छे नहीं हैं। रोहित का यह इंटरव्यू यह बताता है कि टीम हमेशा एक साथ रहती है, बाहर की बातों से उन्हें कोई फर्क नहीं पड़ता।
रोहित ने इसे लेकर कहा, ‘भारतीय टीम का हर एक खिलाड़ी इस बात को समझता है कि जब हम बड़े टूर्नामेंट खेलते हैं तो सब तरह की बातें होती हैं। हमारे लिए ये जरूरी है कि अपने काम से मतलब रखें और केवल टीम के लिए मैच जीतने पर ध्यान दें। आप जिस तरह अपने खेल के लिए जाने जाते हैं, वैसा खेलें। बाहर जो बातें होती हैं, उसके कोई मायने नहीं हैं।’
जरूरी ये है कि हम एक-दूसरे के बारे में क्या सोचते हैं
रोहित ने आगे कहा, ‘हमारे लिए अहम ये है कि एक-दूसरे के बारे में हम क्या सोचते हैं। हम खिलाड़ियों के बीच एक मजबूत रिश्ता बनाना चाहते हैं। लोगों के बारे में सोचना छोड़कर ही हम ऐसा कर सकते हैं। इसमे राहुल (द्रविड़) भाई भी हमारी मदद करेंगे।’
