चमोली हादसा पर एसडीआरएफ ने बताया कि, ग्लेशियर टूटने की घटना रविवार सुबह 10: 50 बजे जोशीमठ से करीब 15 किमी की दूरी पर स्थित रेणी गांव के करीब हुई। ग्लेशियर के टूटने से ऋषिगंगा प्रोजेक्ट क्षतिग्रस्त हो गया। जिस पर एसडीआरएफ की पांच टीमों को तत्काल जोशीमठ रवाना किया गया। साथ ही श्रीनगर, ऋषिकेश, जोशीमठ में टीमों को अलर्ट स्थिति में रखा गया। हादसे की वजह से रैणी गांव के पास बीआरओ का लगभग 90 मीटर लंबा पुल भी आपदा में बह गया।
हरिद्वार जिले में रुड़की निवासी ऋषभ पंत भारतीय क्रिकेट टीम में बतौर विकेटकीपर बल्लेबाज शामिल हैं। वह वर्तमान में इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज खेल रहे हैं। इस पूरी घटना से भारतीय क्रिकेट टीम के विकेटकीपर ऋषभ पंत आहत हुए हैं। उन्होंने अब इस दुख की घड़ी में हादसे में पीड़ित लोगों की मदद के लिए हाथ आगे बढ़ाया है। पंत ने रविवार देर शाम इसको लेकर एक ट्वीट करते हुए लिखा, ” उत्तराखंड में लोगों की जान जाने से बेहद दुखी हैं। मैं अपनी मैच फीस को बचाव कार्य में देने का ऐलान करता हूं और लोगों से भी यह अपील करता हूं कि वो भी दुख की इस घड़ी में पीड़ित लोगों की मदद के लिए आगे आएं।”
बता दें कि भारतीय क्रिकेट टीम के प्रत्येक सदस्य को एक टेस्ट मैच के लिए 15 लाख रुपये मैच फीस के रूप में मिलते हैं। ऐसे में ऋषभ पंत ने 15 लाख रुपये दान करने का निर्णय लिया है। पंत मौजूदा टेस्ट मैच के तीसरे दिन अपने शतक से चूक गए थे। उन्होंने 88 गेंदों में 91 रन की विस्फोटक पारी खेलकर भारतीय टीम को मैच में बनाए रखा। अब दूसरी पारी में उनके कंधों पर मैच बचाने की जिम्मेदारी भी है, क्योंकि इंग्लैंड इस मैच में मजबूत स्थिति में है।

