टोक्यो ओलंपिक के स्वर्ण पदक विजेता, नीरज चोपड़ा (Neeraj Chopra) को 2022 लॉरियस वर्ल्ड ब्रेकथ्रू ऑफ द ईयर अवार्ड (Laureus World Breakthrough of the Year Award) के लिए नॉमिनेट किया गया है। नीरज को छह नामांकित व्यक्तियों में से एक के रूप में चुना जा रहा है। अन्य नामांकित व्यक्तियों में एम्मा राडुकानु (Emma Raducanu), डेनियल मेदवेदेव (Daniil Medvedev), पेड्रि (Pedri), युलिमार रोजास (Yulimar Rojas), एरियन टिटमस (Ariarne Titmus) शामिल हैं।
इस अवार्ड के लिए नॉमिनेट होने के बाद नीरज ने ट्वीटर पर अपनी ख़ुशी साझा की। उन्होंने ट्वीट करते हुए लिखा, “लॉरियस वर्ल्ड ब्रेकथ्रू ऑफ द ईयर अवार्ड के लिए कुछ असाधारण एथलीटों के साथ नामांकित होना एक विशेष अनुभूति है। डेनियल मेदवेदेव, पेड्री, एम्मा रादुकानु, युलिमार रोजास और एरियन टिटमस को उनके नॉमिनेशन के लिए बधाई।”
दुनिया के प्रमुख खेल पत्रकारों और प्रसारकों में से 1,300 से अधिक के एक पैनल ने इस साल के लॉरियस वर्ल्ड स्पोर्ट्स अवार्ड्स के लिए सात केटेगरी में से प्रत्येक में नामांकित व्यक्तियों का चयन किया है। इसके विजेताओं का खुलासा अप्रैल में किया जाएगा। बता दें की नीरज, पहलवान विनेश फोगट (Vinesh Phogat) और क्रिकेट के दिग्गज सचिन तेंदुलकर (Sachin Tendulkar) के बाद लॉरियस पुरस्कार के लिए नामांकित होने वाले केवल तीसरे भारतीय एथलीट हैं।
