इंडियन प्रीमियर लीग के 14वें सीजन में रविवार को कोलकाता नाइट राइडर्स और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच बेहद ही रोमांचक मैच देखने को मिला. केकेआर ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 187 रन बनाए थे. इसके जवाब में हैदराबाद की टीम 20 ओवर में 177 रन ही बना पाई और उसने 10 रन से मैच को गंवा दिया. केकेआर की जीत के हीरो नीतीश राणा रहे जिन्होंने 80 रन की शानदार पारी खेली.
अपनी इस पारी में राणा ने 9 चौके और चार छक्के लगाए. वहीं गेंदबाजी में प्रसिद्ध कृष्णा ने दो विकेट झटके. वहीं शाकिब अल हसन, पैट कमिंस और आंद्रे रसेल को एक-एक विकेट मिला. हालांकि, वरुण चक्रवर्ती काफी महंगे साबित हुए. उन्होंने अपने चार ओवर में 36 रन खर्च किए. हैदराबाद के लिए मनीष पांडे और जॉनी बेयरस्टो ने अर्धशतक जड़े. पांडे 44 गेंदो में 61 रन बनाकर नाबाद रहे. वहीं बेयरस्टो ने 40 गेंदो में 55 रन बनाए. पांडे ने दो चौके और तीन छक्के लगाए. वहीं बेयरस्टो के बल्ले से पांच चौके और तीन छक्के निकले. इन दोनों ने तीसरे विकेट के लिए 92 रनों की साझेदारी की, लेकिन अपनी टीम को जीत नहीं दिला सके.
हालांकि, अंत में अब्दुल समद ने आठ गेंदो में दो छक्कों की मदद से नाबाद 19 रनों की तेजतर्रार पारी खेली. लेकिन वह भी लक्ष्य को हासिल करने में नाकाम रहे. इसके अलावा मोहम्मद नबी ने 11 गेंदो में 14 और विजय शंकर ने सात गेंदो में 11 रन बनाए.

