भारतीय क्रिकेट टीम के तेज गेंदबाज दीपक चाहर (Deepak Chahar) ने अपनी मंगेतर जया भारद्वाज (Jaya Bhardwaj) से शादी कर ली है। दोनों के शादी की खबरें काफी दिनों से मीडिया में चल रही थी। और अब दोनों शादी के बंधन में बंध गए हैं। एक दूसरे के साथ लंबे रिलेशन में रहने के बाद दोनों 7 जन्मों के लिए शादी के बंधन में बंध गए हैं।
आगरा के वायु विहार निवासी दीपक चाहर और जया ने फतेहाबाद रोड स्थित जेपी पैलेस में 7 फेरे लिए। इससे पहले मंगलवार, 31 मई को मेहंदी की रस्म और संगीत समारोह का आयोजन किया गया था। भारत और चेन्नई सुपर किंग्स के स्टार तेज गेंदबाज दीपक ने अपने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर अपनी शादी की एक तस्वीर साझा की जिसमें वह जया के गले में वरमाला डालते देखे जा सकते हैं।
दूल्हा बने दीपक चाहर घोड़ी पर बैठकर बैंड-बाजे के साथ बरात लेकर होटल पहुंचे। दीपक ने सफेद रंग की शेरवानी और पगड़ी पहनी है। बैंड-बाजे की धुन पर दीपक के चचेरे भाई लेग स्पिनर राहुल चाहर और बहन मालती चाहर ने जमकर डांस किया।
दीपक ने इंस्टाग्राम पर पोस्ट शेयर करते हुए लिखा, “जब मैं आपसे पहली बार मिला, तो मुझे लगा कि आप ही वो हैं, और मैं सही था। हमने अपने जीवन के हर पल का आनंद एक साथ लिया है और मैं आपसे वादा करता हूं कि आप हमेशा इसी तरह खुश रहेंगी। मेरे जीवन के सबसे अच्छे पलों में से एक… हर कोई कृपया हमें अपना आशीर्वाद दें।”
