गूगल डूडल (Google Doodle) हर बार कुछ खास करता है और इस बार गूगल ने फ्रांसीसी आर्टिस्ट रोजा बोनहेर (Rosa Bonheur) का डूडल बनाया है। दरअसल, आज रोजा बोनहेर का 200वां जन्मदिन है, जिनके सफल करियर ने कला में महिलाओं की आने वाली पीढ़ी को प्रेरित किया है। इस डूडल में एक कैनवास है, जिसमें दिखाया गया है कि भेड़ों के एक झुंड को रोजा अपनी आर्ट में उकेर रही हैं।
रोजा बोनहेर का जन्म आज ही के दिन 1822 में फ्रांस के बोर्डो में हुआ था। उनके पिता एक चित्रकार थे, जिन्होंने ही रोजा को ट्रेन किया। उन्होंने अपनी बेटी की कलात्मक प्रतिभा और स्वतंत्रता को प्रोत्साहित किया। रोजा ने कई साल तक खुद को निखारा और अपनी आर्ट को कैनवास पर उकेरने से पहले स्केच में खुद को मजबूत बनाया।
एक पशु चित्रकार और मूर्तिकार के रूप में बोनहेर की प्रतिष्ठा 1840 के दशक में बढ़ी। उनके कई काम को प्रतिष्ठित पेरिस सैलून (Paris Salon) में 1841 से 1853 तक प्रदर्शित किया गया। पेरिस सैलून में उनकी पहली प्रदर्शनी 19 साल की उम्र में थी। 1853 में, बोनहेर ने अपनी पेंटिंग “द हॉर्स फेयर” के साथ अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाई, जिसमें पेरिस में आयोजित घोड़े के बाजार को दर्शाया गया था। यह पेंटिंग आज भी न्यू यॉर्क के मेट्रोपॉलिटन म्यूजियम ऑफ आर्ट (Metropolitan Museum of Art) में प्रदर्शित है। इस मशहूर पेंटिंग का सम्मान करने के लिए फ्रांसीसी महारानी यूजनी ने साल 1865 में रोजा बोनहेर को देश के सबसे प्रतिष्ठित पुरस्कारों में से एक ‘लीजन ऑफ ऑनर’ (Legion of Honour) से सम्मानित किया।
