corona

बिहार में भी एक बार फिर कोरोना का दौर शुरू हो गया है। राज्य में ओमीक्रॉन की भी एंट्री हो चुक है। रविवार को राज्य में 352 कोरोना संक्रमित मिले हैं। इनमें पटना में एनएमसीएच (NMCH) में 84 डॉक्टर भी शामिल हैं। Nmch के अधीक्षक डॉ विनोद सिंह ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि हॉस्पिटल के 194 डॉक्टरों की जांच करवाई गई थी। इसमें से 84 डॉक्टर्स कोरोना पॉजिटिव मिले हैं।

जिन डॉक्टर की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है, वे ड्यूटी पर थे। मेडिकल स्टॉफ के साथ-साथ मरीजों के भी संपर्क में थे। वहीं, पटना के डीएम चंद्रशेखर सिंह ने कहा कि घबराने की कोई जरूरत नहीं है। डॉक्टरों में कोरोना के हल्के लक्षण पाए गए है। अस्पताल कैंपस में ही उन्हें क्वारंटीन रहने की व्यवस्था की गई है। 

बिहार में कोरोना के 352 मामले में से सबसे अधिक पटना में 142 मामले आए। जबकि, गया में 110 नए मामले आए हैं। वहीं मुंगेर और जहानाबाद में 13-13 नए मामले आए हैं। बिहार में एक्टिव मामलों की संख्या 1074 हाे गई है। रिकवरी रेट भी अब घटकर 98.19 हो गया है। कोरोना की रफ्तार का यह हाल तब है जब जांच एक लाख से भी कम हुई है। 24 घंटे में 95875 लोगों की ही जांच हो पाई है। संक्रमण के बढ़ते खतरे को लेकर बिहार सरकार ने अलर्ट किया है।