आज ही के दिन बिहार से अलग होकर एक नए राज्य झारखंड की स्थापना हुई। आज भगवान कहे जाने वाले बिरसा मुंडा की जयंती भी है। इस खास मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) ने “भगवान बिरसा मुंडा स्मृति उद्यान सह स्वतंत्रता सेनानी संग्रहालय” का उद्घाटन किया। इसके जरिए लोग आदिवासी समाज को जान सकेंगे और साथ ही उनका उत्थान करने वालों से भी रूबरू हो सकेंगे। हाल ही में मोदी सरकार ने घोषणा की थी कि बिरसा मुंडा की जयंती को ‘जनजातीय गौरव दिवस’ (Janjatiya Gaurav Diwas) के रूप में मनाया जाएगा।
भगवान बिरसा मुंडा के साथ, यह संग्रहालय, शहीद बुधु भगत, सिद्धू-कान्हू, नीलांबर-पीतांबर, दिवा-किसुन, तेलंगा खड़िया, गया मुंडा, जात्रा भगत जैसे विभिन्न आंदोलनों से जुड़े अन्य आदिवासी स्वतंत्रता सेनानियों को भी उजागर करेगा। इस संग्रहालय में भगवान बिरसा मुंडा की 25 फीट की मूर्ति और उस क्षेत्र के अन्य स्वतंत्रता सेनानियों की 9 फीट की मूर्ति होगी।
भगवान बिरसा मुंडा स्मृति उद्यान सह स्वतंत्रता सेनानी संग्रहालय, झारखंड राज्य सरकार के सहयोग से रांची की पुरानी सेंट्रल जेल में बनाया गया है, जहां भगवान बिरसा मुंडा ने अपने प्राणों की आहुति दी थी। यह राष्ट्र और आदिवासी समुदायों के लिए उनके बलिदान को श्रद्धांजलि के रूप में काम करेगा और साथ ही जनजातीय संस्कृति और इतिहास को संरक्षित और बढ़ावा देने में संग्रहालय महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। यह यह भी प्रदर्शित करेगा कि किस तरह आदिवासियों ने अपने जंगलों, भूमि अधिकारों, अपनी संस्कृति की रक्षा के लिए संघर्ष किया और राष्ट्र निर्माण के लिए महत्वपूर्ण उनकी वीरता और बलिदान को दिखाया।
