मुरादाबाद जिला अस्पताल के 46 वर्षीय वॉर्ड ब्वॉय महिपाल सिंह को 16 जनवरी को कोरोना वायरस का टीका लगाया गया था. इसके बाद उनकी तबीयत खराब हो गई और वह घर चले गए थे. हालांकि रविवार को तबीयत ज्यादा बिगड़ गई और अस्पताल पहुंचने से पहले ही मौत हो गई. इसके बाद परिवार ने आरोप लगाया था कि कोरोना वैक्सीन लगाने की वजह से मौत हुई है.
मुरादाबाद में कोरोना वैक्सीन लगाने के बाद वार्ड बॉय की मौत के मामले में अस्पताल के मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने कहा है कि मौत की वजह हार्ट अटैक है. वोहीं मुख्य चिकित्सा अधिकारी एमसी गर्ग ने अब आरोपों को खारिज कर दिया है और बताया है कि पोस्टमॉर्टम के बाद पता चला है कि वार्ड बॉय की मौत हार्ट अटैक के कारण हुई है. बता दें कि 16 जनवरी को वार्ड बॉय महिपाल को कोरोना का टीका लगाया गया था.
रविवार शाम को उनकी तबीयत बिगड़ गई थी. मृतक महिपाल के बेटे विशाल ने कहा कि 16 जनवरी को उनके पिता ने कहा था कि वो उसे लेकर जिला अस्पताल चलें, क्योंकि उनका कोरोना वैक्सीनेशन होने वाला है. विशाल ने कहा कि 16 जनवरी को वैक्सीनेशन के बाद वह अपने पिता को साथ लेकर आया, उनकी सांस फूल रही थी और वो खांस रहे थे.

