Kirit Somaiya

महाराष्ट्र में सियासी उठा-पटक चलती रहती है फिर चाहे वह बॉलीवुड की क्वीन कंगना रनौत के बयान को लेकर हो या फिर अन्य किसी चीज पर. फिलहाल, एक ऐसा ही मामला महाराष्ट्र से सामने आया है. दरअसल, शिवसेना नेता रविंद्र वाइकर ने अपनी पत्नी के साथ भाजपा नेता किरीट सोमैया के खिलाफ बॉम्बे हाई कोर्ट में मानहानि का केस दर्ज किया है और 110 करोड़ रुपए हर्जाने के तौर पर मांगे हैं.

शिवसेना नेता रविंद्र वाइकर और उनकी पत्नी ने अपनी दायर की हुई याचिका में कहा है कि भाजपा नेता किरीट सोमैया ने उन पर जो आरोप लगाए उससे उनकी छवि को काफी नुकसान पहुंचा है तथा मानसिक तनाव भी हुआ है. अगर बात की जाएं इस पूरे मामले की तो बीते महीनों में भाजपा नेता किरीट सोमैया ने रविंद्र वाइकर और उनकी पत्नी मनीषा पर काफी आरोप लगाए थे. उन्होंने सोशल मीडिया के माध्यम से आरोप लगाते हुए कहा था कि, वाइकर ने अपने पद का गलत इस्तेमाल कर कई संपत्तियां जोड़ी और उनका जिक्र चुनावी हलफनामे में भी नहीं किया.

बता दें इसके बाद रविंद्र वाइकर और उनकी पत्नी ने मिलकर भाजपा नेता किरीट सोमैया के खिलाफ मानहानि का केस दर्ज किया है और 110 करोड़ रुपए हर्जाना मांगा है. इसमें से 100 करोड़ रुपए रविंद्र वाइकर ने तथा 10 करोड़ रुपए का हर्जाना उनकी पत्नी मनीषा ने मांगा है. बताते चलें कि शिवसेना नेता रविंद्र वाइकर ने उनके खिलाफ 6 मार्च को शिकायत दर्ज की थी. बात करें शिवसेना नेता रविंद्र वाइकर की तो रविंद्र वाइकर चार बार पार्षद और तीन बार विधायक के तौर पर कार्यरत रह चुके हैं. वहीं बात की जाए उनकी पत्नी मनीषा की तो यह भी सामाजिक कार्यकर्ता है.