भारतीय पुलिस सेवा (IPS) अधिकारी वायलेट बरुआ (Violet Baruah) असम की महिला पुलिस महानिरीक्षक (IG) बनीं। वह असम पुलिस में महानिरीक्षक के पद पर पदोन्नत होने वाली पहली महिला बन गईं हैं। वह 1 जनवरी 2022 से अपना नया पद संभालेंगी। मौजूदा समय में वो कोकराझार जिले में BTAD की उप महानिरीक्षक पद पर तैनात हैं।
पदोन्नति पर खुशी व्यक्त करते हुए बरुआ ने कहा “मैंने अपने करियर में कभी किसी पोस्टिंग या टास्क को ना नहीं कहा। नौकरी को ठुकराना मेरे काम करने का तरीका कभी नहीं रहा, इसलिए मैं अपनी सेवा की अधिकांश समय के लिए गुवाहाटी (जहां राज्य पुलिस मुख्यालय स्थित है) से बाहर थी। बरुआ के साथ, राज्य पुलिस के आठ अन्य DIG को IG के पद पर पदोन्नत किया गया।
वॉयलेट बरुआ को विशिष्ट सेवा के लिए इस साल राष्ट्रपति पुलिस पदक से भी सम्मानित किया गया था। बरुआ साल 1992 में असम पुलिस में भर्ती हुई थीं। वर्ष 2004 में उन्हें भारतीय पुलिस सेवा के लिए नामांकित किया गया। उन्होंने चार जिलों- मोरीगांव, गोलपारा, कछार और बारपेटा में पुलिस अधीक्षक के रूप में कार्य किया।
