CBI-Raid

नीतीश कुमार के नेतृत्व वाली महागठबंधन की सरकार का आज बिहार विधानसभा सत्र में फ्लोर टेस्ट होना है। लेकिन इससे पहले ही सीबीआई ने कई आरजेडी नेताओं के ठिकानों पर छापेमारी की है। सीबीआई ने आरजेडी सांसद अशफाक करीम, फैयाज अहमद, एमएलसी सुनील सिंह और पूर्व एमएलसी सुबोध राय के घर रेड मारा है।

बुधवार, 24 अगस्त की सुबह सीबीआई की टीम पटना स्थित अशफाक करीम और सुनील सिंह के घर पर छापेमारी करने पहुंची। इसके साथ ही सीबीआई की टीम फैयाद अहमद और सुबोध राय के आवास पर भी छापेमारी करने पहुंची है। सीबीआई की यह रेड लैंड फॉर जॉब स्कैम को लेकर की जा रही है। आपको बता दें कि सुनील सिंह और सुबोध राय आरजेडी सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव के काफी करीबी बताये जाते हैं।

सीबीआई की टीम 24 अगस्त की सुबह 8 बजे एमएलसी सुनील सिंह के पटना स्थित आवास पर पहुंची। सीबीआई अधिकारियों के साथ सुरक्षाबल भी मौजूद है। आरजेडी सांसद अशफाक करीम के घर भी सीबीआई की टीम पहुंची है। हालांकि अभी इसकी पुष्टि नहीं हुई है। साथ ही आरजेडी सांसद फैयाज अहमद और पूर्व एमएलसी सुबोध राय के आवास पर भी रेड की सूचना है।

लैंड फॉर जॉब स्कैम क्या है ?

पूर्व में रेल मंत्री रहे लालू प्रसाद यादव, उनकी पत्नी राबड़ी देवी, दो बेटियां, नौकरशाह और कुछ निजी व्यक्तियों के खिलाफ सीबीआई ने केस दर्ज किया था। इस केस के तहत यह आरोप लगाए गए थे कि लालू यादव के रेल मंत्री रहते हुए रेलवे में ग्रुप डी पोस्ट पर लोगों को नौकरियां दिलाई गईं। और इन नौकरियों के बदले में जमीन लालू परिवार के लोगों के नाम पर करवाई गयी थी। सीबीआई की जांच में सामने आया कि रेलवे की ओर से उन पदों पर भर्ती के लिए किसी तरह का नोटिफिकेशन नहीं निकाला गया था। लालू परिवार के लोगों ने इस कथित घोटाले में एक लाख वर्ग फीट से ज्यादा की जमीन अपने नाम करवा ली थी।साथ ही आपको बता दें कि इस मामले को लेकर पिछले दिनों रजद सुप्रीमो लालू यादव के पूर्व ओएसडी भोला यादव को सीबीआई ने गिरफ्तार किया था।

Join Telegram

Join Whatsapp

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *