बीते रविवार को उत्तर प्रदेश के कौशाम्बी जिले में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (CM Yogi Adityanath) का दौरा था। दौरे से पहले मुख्यमंत्री जी की सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस ने इलाके पर अपनी पैनी नजर बनाई हुई थी। इस दौरान पुलिस को फुटपाथ पर नंगे बदन खाना खाते एक मंद बुद्धि शख्स दिखा। पुलिस ने उसे जानवर पकड़ने वाली गाड़ी में जबरन लादकर वहां से ले गई। इस दौरान वहां उपस्थित कई लोग इस नेक काम का विडियो बनाने लगे।
बाद में सोशल मीडिया पर इस घटना की एक तस्वीर और विडियो वायरल होने लगी। इसके बाद पुलिस ने अपनी सफाई रखते हुए ट्वीट किया कि वह शख्स मुख्यमंत्री की जनसभा में जाने वालों पर पत्थर फेंक रहा था, इसलिए उसे वहां से हटा कर कपड़े वगैराह दिए गए हैं।
कौशाम्बी पुलिस ने वायरल तस्वीर पर ट्वीट करते हुए लिखा, “मंझनपुर चौराहे पर मुख्यमंत्री के फ्लीट के रास्ते में एक विक्षिप्त व्यक्ति जो बिना कपड़े के जनसभा में आने जाने वाले व्यक्तियों को पत्थर मार रहा था, उसके इस हरकत को देखते हुए सुरक्षा की दृष्टि से उसे तत्काल हटाया जाना आवश्यक था। अत: उसे वहां मौजूद पुलिस कर्मियों द्वारा हटाकर ठंड को देखते हुए कम्बल व भोजन का प्रबन्ध कर सुरक्षित दूसरे स्थान पर पहुंचाया गया।”
