प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) आज वाराणसी (Varanasi) का दौरा करेंगे। इस दौरान वह बुनियादी ढांचे में सुधार और जीवनयापन को आसान बनाने पर केंद्रित 1,800 करोड़ रुपये से अधिक की कई विकास पहलों का उद्घाटन और आधारशिला रखेंगे। प्रधानमंत्री एलटी कॉलेज, वाराणसी में ‘अक्षय पात्र मिड डे मील किचन’ (Akshay Patra Mid Day Meal Kitchen) का उद्घाटन करेंगे, जिसमें लगभग एक लाख छात्रों के लिए मिड डे भोजन पकाने की क्षमता है।
वह वाराणसी में विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (UGC) और बनारस हिंदू विश्वविद्यालय के सहयोग से शिक्षा मंत्रालय द्वारा आयोजित तीन दिवसीय अखिल भारतीय शिक्षा समागम (Akhil Bharatiya Shiksha Samagam) का उद्घाटन करेंगे। शिक्षा मंत्रालय के अनुसार, यह तीन दिवसीय सेमिनार सार्वजनिक और निजी विश्वविद्यालयों के 300 से अधिक कुलपतियों और निदेशकों, शिक्षाविदों, नीति निर्माताओं के साथ-साथ उद्योग के प्रतिनिधियों को एक साथ लाएंगे ताकि राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के कार्यान्वयन पर विचार-विमर्श किया जा सके।
इसके बाद शाम में प्रधानमंत्री डॉ संपूर्णानंद स्पोर्ट्स स्टेडियम, सिगरा पहुंचेंगे जहां वे कई परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। इनमें वाराणसी स्मार्ट सिटी और शहरी परियोजनाओं के तहत कई पहलें शामिल हैं, जिनमें स्नान घाट के निर्माण के साथ-साथ प्रथम चरण में नमो घाट का पुनर्विकास, 500 नावों के डीजल और पेट्रोल इंजनों का सीएनजी में रूपांतरण, पुरानी काशी के कामेश्वर महादेव वार्ड का पुनर्विकास और गांव हरहुआ, दासपुर में 600 से अधिक EWS फ्लैटों का निर्माण, लहरतारा-चौका घाट फ्लाईओवर के तहत तैयार हुआ नया वेंडिंग जोन व अर्बन प्लेस, दशाश्वमेध घाट पर पर्यटन सुविधा और बाजार परिसर और IPDS कार्य चरण -3 के तहत नगवा में 33/11 केवी सबस्टेशन शामिल है।
