पश्चिम बंगाल में इसी साल विधानसभा चुनाव होने वाला है जिसको लेकर बंगाल की सियासत पहले से गर्म होती दिखाई दे रही है। चुनाव में जीत हासिल करने के लिए सभी राजनीतिक दलों के बीच तकरार जारी है। इसी बीच आपको बता दें कि आज यानी बुधवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पश्चिम बंगाल के कांथी में मौजूद हैं। यहां पीएम मोदी के द्वारा एक चुनावी रैली का संबोधन किया गया। चुनाव से पहले पीएम मोदी की यह रैली ममता सरकार की नीव हिलाने के लिए काफी मानी जा रही है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज पश्चिम बंगाल के मेदिनापुर के कांथी में चुनावी रैली को संबोधित कर रहे हैं। रैली को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर जमकर हमला बोला। पीएम मोदी ने कहा कि बंगाल में अब हर तरफ एक ही आवाज, 2 मई, दीदी गई। पीएम मोदी ने अपने भाषण के दौरान दावा करते हुए कहा कि, “जब जरूरत होती है तो तब दीदी दिखती नहीं, जब चुनाव आता है तो कहती हैं- सरकार दुआरे-दुआरे! यही इनका खैला है। ओ दीदी, ओ दीदी… अरे दीदी… बंगाल का बच्चा-बच्चा, ये खैला समझ गया है।” इसी के साथ पीएम मोदी ने कहा कि, “दीदी, आज पश्चिम बंगाल पूछ रहा है, कि अम्फान की राहत किसने लूटी? गरीब का चावल का किसने लूटा? अम्फान के सताए लोग, आज भी टूटी हुई छत के नीचे जीने को मजबूर क्यों हैं।”
बता दें कि मेदिनापुर जिले में ही नंदीग्राम सीट आती है। नंदीग्राम को अधिकारी परिवार का गढ़ माना जाता है और यहां सुभेंदु अधिकारी का काफी दबदबा भी है।गौरतलब है कि बीते दिनों टीएमसी के एक और नेता यानी शुभेंदु अधिकारी के पिता शिशिर अधिकारी ने भी भाजपा का दामन थाम लिया है। ऐसे में टीएमसी का चुनावी जंग जीत पाना और मुश्किल भरा साबित हो सकता है।

