फारुकी को धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने के आरोप में गिरफ्तार कर इंदौर की केंद्रीय जेल में बंद कर दिया गया था, जिसके बाद पिछले दिनों उन्हें जमानत मिली थी। जेल से बाहर आने के बाद यूट्यूब पर फारुकी ने पहली बार दस मिनट का वीडियो अपलोड किया, जिसका टाइटल था, ‘मुनव्वर फारुकी कॉमेडी छोड़ रहा है।” 29 वर्षीय कॉमेडियन ने वीडियो में अपने फैन्स से मिसलीडिंग टाइटल के लिए माफी मांगते हुए बताया कि वह ऐसा नहीं कर रहे हैं।
उन्होंने वीडियो में कहा, ”मैं अपने फैन्स से माफी मांगना चाहता हूं। टाइटल में एक टाइपो है। मुनव्वर फारुकी कॉमेडी नहीं छोड़ रहा है। वह कॉमेडी को जीता है। मैं चुप नहीं रह सकता हूं। कॉमेडी ही मुझे जिंदा रखती है। जो मुझसे नफरत करते हैं, हम उन्हें भी जीतने देंगे। सभी आर्टिस्ट को इस तरीकों की चुनौतियों का सामना नहीं करना पड़ता है, जैसा मुझे करना पड़ा। कॉमेडी छोड़ने की हजारों वजहें हो सकती हैं, लेकिन रुकने की एक वजह है। यूट्यूब पर कॉमेडियन फारुकी के छह लाख से भी ज्यादा सब्सक्राइबर्स हैं। जेल से बाहर आने के बाद अपलोड किए गए उनके इस वीडियो को 11 लाख से भी ज्यादा बार देखा जा चुका है। वहीं, इसे सवा दो लाख यूजर्स लाइक कर चुके हैं।
स्टैंडअप कॉमेडियन को दो जनवरी को पांच अन्य कॉमेडियन्स के साथ इंदौर से गिरफ्तार किया गया था। बीजेपी विधायक एकलव्य सिंह गौड़ ने उनके इन कॉमेडियन्स के खिलाफ शिकायत दर्ज करवाई थी। उन्होंने कहा कि वह हमेशा दर्शकों को हंसाकर उन्हें खुश करना चाहते हैं और उनका यह इरादा कभी नहीं रहा कि उनके चुटकुलों से किसी भी व्यक्ति का दिल दुखे। फारुकी ने यह भी कहा कि इंटरनेट पर लड़ाई-झगड़े की भेड़चाल और सियासत के चलते उन्हें उस बात की वजह से खरोंच आई जो उन्होंने की तक नहीं थी।
फारुकी ने वीडियो में आगे कहा, ”हमने पहले भी इंटरनेट का इस्तेमाल किया है। लगभग 10 साल पहले, हमने वॉलपेपर, रिंगटोन डाउनलोड करने, दोस्त बनाने के लिए इंटरनेट का इस्तेमाल किया था …. और हमें खुशी महसूस हुई। आज, हम इसका इस्तेमाल फेसलेस दुश्मन बनाने के लिए कर रहे हैं। आप दुश्मन बना रहे हैं। जो लोग आपको नहीं जानते हैं। हम ऐसा क्यों कर रहे हैं? हम क्यों भूल गए हैं कि इंटरनेट मनोरंजन और जानकारी के लिए है?” उन्होंने आगे कहा कि यह एक झुंड मानसिकता की तरह है। घंटों तक लोग एक-दूसरे को गाली देते रहते हैं। क्या हम लड़ते रहेंगे? कोई भी व्यक्ति इस झुंड मानसिकता और राजनीति का शिकार हो सकता है। मैं पीड़ित नहीं था। मैंने वैसा कुछ नहीं कहा।

