केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया (Jyotiraditya Scindia) ने केंद्रीय इस्पात मंत्री (Steel Minister) के रूप में कार्यभार संभाल लिया है। सिंधिया वर्तमान में नागरिक उड्डयन मंत्रालय (Civil Aviation Ministry) के प्रभारी हैं। 51 वर्षीय सांसद, जो राज्यसभा में मध्य प्रदेश का प्रतिनिधित्व करते हैं, वर्तमान मोदी सरकार में तीसरे इस्पात मंत्री हैं। उन्होंने इस्पात सचिव संजय कुमार सिंह (Sanjay Kumar Singh) और मंत्रालय के अन्य वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति में यह कार्यभार संभाला।
आसन ग्रहण करने से पहले उन्होंने अपने जूते उतार दिए और उद्योग भवन स्थित अपने कार्यालय की मेज पर भगवान गणेश की मूर्ति रखी। उन्होंने ट्विटर पर ट्वीट करते हुए लिखा, “आज माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के आदेशानुसार इस्पात मंत्रालय का पदभार ग्रहण किया। सभी शुभचिंतकों के आशीर्वाद से इस नए उत्तरदायित्व का निर्वहन करने का पूर्ण प्रयास करूँगा।”
सिंधिया ने राम चंद्र प्रसाद सिंह (Ram Chandra Prasad Singh) का स्थान लिया है, जिन्होंने अपना राज्यसभा कार्यकाल पूरा होने से एक दिन पहले ही पद से इस्तीफा दे दिया। इसके अलावा केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी (Smriti Irani) को भी अल्पसंख्यक मामलों (Minority Affairs) का मंत्री बनाया गया है, क्योंकि मुख्तार अब्बास नकवी (Mukhtar Abbas Naqvi) ने भी केंद्रीय मंत्रिपरिषद से इस्तीफा दे दिया है।
