लेफ्टिनेंट जनरल मनोज पांडे (Lieutenant General Manoj Pande) भारतीय सेना (Indian Army) के नए आर्मी चीफ होंगे। वह 1 मई को पदभार ग्रहण करेंगे। वह जनरल मनोज मुकुंद नरवने (General M M Naravane) का स्थान लेंगे, जो 30 अप्रैल को अपना 28 महीने का कार्यकाल पूरा करने वाले हैं। खास बात ये है की, पांडे थल सेनाध्यक्ष बनने वाले कॉर्प्स ऑफ इंजीनियर्स (Corps of Engineers) के पहले अधिकारी हैं।
29वें सेना प्रमुख पांडे इस साल 1 फरवरी से वाइस चीफ ऑफ आर्मी स्टाफ (Vice Chief of Army Staff) हैं। पांडे इससे पहले ईस्टर्न कमांड के कमांडिंग ऑफिसर रह चुके हैं और अंडमान एंड निकोबार कमांड के कमांडर इन चीफ का पद भी संभाल चुके हैं। अपने 39 साल के सैन्य करियर में, लेफ्टिनेंट जनरल पांडे ने पश्चिमी थिएटर में एक इंजीनियर ब्रिगेड, एलओसी पर एक पैदल सेना ब्रिगेड, लद्दाख सेक्टर में एक पर्वतीय डिवीजन और उत्तर-पूर्व में एक कोर की कमान संभाली है।
राष्ट्रीय रक्षा अकादमी के पूर्व छात्र, लेफ्टिनेंट जनरल पांडे को दिसंबर 1982 में कॉर्प्स ऑफ इंजीनियर्स में कमीशन दिया गया था। उन्होंने जम्मू और कश्मीर में लाइन ऑफ़ कंट्रोल के साथ पल्लनवाला सेक्टर में ऑपरेशन पराक्रम (Operation Parakram) के दौरान एक इंजीनियर रेजिमेंट की कमान संभाली। ऑपरेशन पराक्रम, पश्चिमी सीमा पर सैनिकों और हथियारों की बड़े पैमाने पर लामबंदी, दिसंबर 2001 में संसद पर हुए आतंकी हमले के बाद हुई, जिसने भारत और पाकिस्तान को युद्ध के कगार पर ला खड़ा किया।
