Report by Manisha:
शनिवार सुबह सात बजे से ही पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव के पहले चरण में 30 सीटों के लिए कड़ी सुरक्षा के बीच मतदान जारी है। वहीं कुछ जगहों पर से हिंसा की भी खबरें सामने आई हैं, वोटिंग को प्रभावित करने का आरोप भाजपा और टीएमसी ने एक दूसरे पर लगाया है। इन सबके बीच वोटिंग प्रतिशत में अनियमितता लेकर टीएमसी ने चुनाव आयोग से गंभीर शिकायत की है। बंगाल में वोटिंग फीसदी अचानक कम हो जाने को लेकर तृणमूल कांग्रेस ने मेल के जरिए चुनाव आयोग से इसकी शिकायत दर्ज कराई है।
इंडिया टुडे की रिपोर्ट के आनुसार, TMC ने अपनी शिकायत में कहा है कि कांठी दक्षिण यानी 216 और कांठी उत्तर विधानसभा क्षेत्र यानी 213 में 9.13 बजे वोटिंग फीसदी 18.47 और 18.95 फीसदी था। मगर चार मिनट के बाद यानी 9.17 बजे वोटर टर्नआउट कम होकर क्रमश: 10.60 फीसदी और 9.40 फीसदी हो गया। बता दें कि सुबह नौ बजे तक बंगाल में 7.72 फीसदी मतदान हुआ था।
अगर कुछ जगहों पर हिंसा की खबरे जो सामने आई है, इन्हें छोड़ दिया जाए तो बता दे कि पहले चरण का मतदान अब तक शांतिपूर्ण तरीके से चल रहा है। जबकि, पश्चिम मिदनापुर के भाजपा उम्मीदवार समित दास ने टीएमसी कार्यकर्ताओं पर अशांति फैलाने का आरोप लगाया है। वोट डालने के बाद उन्होंने कहा कि मिदनापुर शहर में मतदान सुचारू रूप से चल रहा है। वहीं, ग्रामीण इलाकों में टीएमसी कार्यकर्ता कुछ जगहों पर अशांति पैदा करने की कोशिश कर रहे हैं। बूथ नं. 266 और 267 पर 7-8 टीएमसी कार्यकर्ताओं ने मतदाताओं को प्रभावित करने के लिए बूथ में प्रवेश किया। हमने चुनाव आयोग से शिकायत की है।
बता दें कि पूर्वी मिदनापुर जिले के भगवानपुर विधानसभा क्षेत्र में सतसतमल में फायरिंग से दो सुरक्षाकर्मी घायल हो गए। बीजेपी ने इस हमले का आरोप टीएमसी पर लगाया है। आज दोपहर 2 बजे कैलाश विजयवर्गीय के नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी का प्रतिनिधिमंडल पश्चिम बंगाल के मुख्य चुनाव आयुक्त से मुलाकात करेगा। वहीं, आज दोपहर 12 बजे लोकसभा में टीएमसी संसदीय दल के नेता सुदीप बंद्योपाध्याय और राज्यसभा सांसद डेरेक ओ ब्रायन के नेतृत्व में 10 सांसदों का दल चुनाव आयोग के अधिकारियों से कोलकाता में मुलाकात करेगा।
आपको बता दें कि बंगाल में इन सीटों पर 73 लाख से अधिक मतदाता 191 उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला करेंगे। जबकि इनमें से अधिकतम सीटें जंगल महल क्षेत्र में नक्सल प्रभावित हैं। पुरुलिया में सभी नौ सीटों, बांकुड़ा में चार, झारग्राम में चार, पश्चिमी मेदिनीपुर में छह सीटों और पूर्व मेदिनीपुर में सात सीटों पर कोविड-19 संबंधी दिशा निर्देशों का पालन करते हुए मतदान कराया जा रहा है। पूर्व मेदिनीपुर भाजपा नेता शुभेंदु अधिकारी का गृहनगर है।
