तीनों लोकों से न्यारी काशी की धरा पर मां गंगा को साक्षी मानकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज 800 करोड़ की लागत से 33 महीने में तैयार हुआ श्री काशी विश्वनाथ धाम विश्व को समर्पित करने जा रहे है। अब काशी विश्वनाथ मंदिर आने-वाले श्रद्धालुओं को गलियों और तंग संकरे रास्तों से नहीं गुजरना पड़ेगा। यह कॉरिडोर बनने के बाद गंगा घाट से सीधे कॉरिडोर के रास्ते बाबा विश्वनाथ के दर्शन किए जा सकते हैं।
प्राचीन मंदिर के मूल स्वरूप को बरकरार रखते हुए 5 लाख 27 हजार वर्ग फीट से ज्यादा क्षेत्रफल में इसे विकसित किया गया है। PM मोदी वाराणसी में काल भैरव मंदिर मे करीब दोपहर 12 बजे और श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में करीब दोपहर 1 बजे पूजा करेंगे। वे करीब करीब दोपहर 1:20 बजे काशी विश्वनाथ धाम का उद्घाटन करेंगे इसके बाद देश भर से आए हुए 2500 संतो-महंतों, धर्माचार्यों, आध्यात्मिक गुरुओं और विशिष्ट लोगों को संबोधित करेंगे। करीब शाम 6 बजे PM मोदी गंगा आरती में शामिल होंगे।
PM मोदी का स्वागत रुद्राक्ष जड़ित जरदोजी के अंगवस्त्रम, त्रिशूल और कमल में विराजमान शिवलिंग देकर CM योगी करेंगे। 3 फीट 6 इंच के इस त्रिशूल में चार नागों की आकृति भी उकेरी गई है। वहीं, जरी-जरदोजी और रेशम का इस्तेमाल करते हुए पंचमुखी रुद्राक्ष के 24 दानों को लगा कर अंगवस्त्रम तैयार किया है।
