दिल्ली सरकार ने अपनी नई आबकारी नीति के तहत ड्राई डे की संख्या 21 से घटाकर सिर्फ तीन दिन कर दी है। दिल्ली सरकार के इस फैसले की विपक्षी दलों ने तीखी आलोचना की और भारतीय जनता पार्टी एवं कांग्रेस ने कहा कि इस कदम का मकसद दिल्ली में शराब की बिक्री को बढ़ावा देना है। हालांकि, शराब उद्योग के एक शीर्ष संगठन ने दिल्ली सरकार के इस फैसले का स्वागत किया है।
धार्मिक त्योहारों, महान नेताओं के जन्म दिवस और जयंती को मिलाकर दिल्ली में साल भर 21 ड्राई डे होते थे, जिस दिन शराब की बिक्री और शराब के सेवन पर पूरी तरीके से प्रतिबंध होता था। दिल्ली सरकार की ओर से जारी किए गए नए आदेश के मुताबिक रिपब्लिक डे 26 जनवरी 2022, स्वतंत्रता दिवस 15 अगस्त 2022, गांधी जयंती 2 अक्टूबर 2022 के तीन दिनों को ही ड्राई डे के रूप में माना जाएगा, इन दिनों शराब की बिक्री और सेवन पर पूरी तरीके से प्रतिबंध रहेगा। हालांकि सरकार की ओर से जारी किए गए आदेश के मुताबिक ड्राई डे के इन 3 दिनों में शराब की बिक्री पर प्रतिबंध L-15 लाइसेंस वाले होटलों में लागू नहीं होगा।
नई आबकारी नीति
- दिल्ली में शराब पीने की कानूनी उम्र सीमा 25 वर्ष से घटकर 21 वर्ष कर दी गई है।
- अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर संचालित स्वंतत्र दुकान और होटलों पर 24 घंटे शराब की बिक्री हो रही है।
- शराब की दुकानों का साइज बढ़ा दिया गया है पहले ज्यादातर दुकानें 150 वर्गफीट होती थीं, अब कम से कम 500 वर्ग फीट में दुकानें खुली हैं।
- लाइसेंसधारक मोबाइल एप या वेबसाइट के माध्यम से ऑर्डर लेकर शराब की होम डिलीवरी करते हैं।
- किसी छात्रावास, कार्यालय या संस्थान में शराब की डिलीवरी करने की इजाजत नहीं है।
- अब दुकान का कोई काउंटर सड़क की तरफ नहीं है, जबकि पहले काउंटर सड़क की तरफ होता था।
