Bharat BandBharat Band

देश के कई हिस्सों में भारत बंद का असर देखने को मिल रहा है, लेकिन सबसे ज्यादा प्रभाव दिल्ली के आसपास के इलाकों और हरियाणा-पंजाब में ही दिखा है। किसान संगठनों ने चुनावी राज्यों और केंद्रशासित प्रदेश पुडुचेरी में बंद से अलग रखा है। संयुक्त किसान मोर्चा के अनुसार, देशव्यापी बंद सुबह 6 बजे शुरू हुआ और यह शाम 6 बजे तक लागू रहेगा।

तीन नए कृषि कानूनों के विरोध में किसान संगठनों ने आज भारत बंद का आयोजन किया है। इस बीच सुबह से ही प्रदर्शनकारियों के जुटने और जाम लगाने के चलते दिल्ली-यूपी को जोड़ने का गाजीपुर बॉर्डर बंद हो गया है। इसके अलावा दिल्ली-हरियाणा सीमा पर स्थित सिंघु बॉर्डर भी जाम है। गाजीपुर बॉर्डर पर किसान होली के गीत गाते और नाचते नजर आए। वहीं किसानों ने दिल्ली-अमृतसर रेल रूट पर भी जाम कर दिया है।

संयुक्त किसान मोर्चा के भारत बंद का हरियाणा में काफी असर दिख रहा है। सूबे के छोटे कस्बों में भी बंद प्रभावी नजर आ रहा है। राज्य की सब्जी मंडियों, बाजार और सड़कें खाली दिखाई दिए। किसान सब्जियां बेचने के लिए मंडी नहीं पहुंचे और खरीददारों को वापस लौटना पड़ा। एक खरीददार ने बताया कि वह कुरुक्षेत्र की लडवा सब्जी मंडी गए थे, लेकिन वहां कुछ नहीं मिल सका। सब कुछ बंद है।