दिल्ली (Delhi) से दुबई (Dubai) जा रहे स्पाइसजेट (SpiceJet) के एक विमान को तकनीकी खराबी के बाद पाकिस्तान के कराची (Karachi) हवाईअड्डे पर आपात स्थिति में उतरना पड़ा। फ्यूल इंडिकेटर खराब होने के कारण इस विमान ने आपातकालीन लैंडिंग की, जिसमें 150 से अधिक यात्री सवार थें। हालाँकि, सभी यात्रियों को सुरक्षित उतार लिया गया है। नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) ने इस घटना की जांच के आदेश दिए हैं।
DGCA ने बयान में कहा, “5 जुलाई, 2022 को, M/s SpiceJet B737-8 Max विमान VT-MXG उड़ान SG-011, दिल्ली-दुबई का संचालन करते समय, चालक दल ने बाएं टैंक से ईंधन की मात्रा में असामान्य कमी देखी। उन्होंने एक प्रासंगिक गैर-सामान्य सूची बनाई, हालांकि ईंधन की मात्रा घटती रही। PIC ने विमान को कराची (KHI) की ओर मोड़ने का निर्णय लिया। विमान को ATC के समन्वय से डायवर्ट किया गया और KHI में सुरक्षित उतारा गया।”
फ्लाइट को तब डायवर्ट किया गया जब वह दुबई के रास्ते में थी और 5000 फीट की ऊंचाई पर उड़ान भर रही थी। विमान उड़ान भरने के 53 मिनट बाद सुबह करीब 8 बजे (स्थानीय समयानुसार) कराची हवाईअड्डे पर सुरक्षित उतर गया। विमान को निर्धारित क्षेत्र में खड़ा किया गया है जहां इंजीनियर समस्या का आकलन कर रहे हैं। स्पाइसजेट के अनुसार, किसी भी आपात स्थिति की घोषणा नहीं की गई है।
