rajnath singhRajnath Singh

तमिलनाडु के हेलिकॉप्टर हादसे में निधन के बाद, चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (CDS) जनरल बिपिन रावत और उनकी पत्नी मधुलिका का अंतिम संस्कार शुक्रवार को होगा। रावत, मधुलिका और अन्य सभी मृतकों के शव मद्रास रेजीमेंट सेंटर लाए गए हैं। यहां से रावत और मधुलिका की पार्थिव देह दिल्ली लाई जाएगी।

हादसे पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने संसद में आज बयान दिया। उन्होंने सभी को श्रद्धांजलि दी और बताया कि हादसे में बचे अकेले शख्स ग्रुप कैप्टन वरुण सिंह वेलिंगटन के मिलिट्री हॉस्पिटल में भर्ती किया गया है। वे लाइफ सपोर्ट पर हैं और उन्हें बचाने की कोशिशें जारी हैं।

वरुण सिंह

हेलिकॉप्टर क्रैश में बचे ग्रुप कैप्टन वरुण सिंह का शरीर इस हादसे में बुरी तरह झुलस गया है। वे वेलिंगटन के मिलिट्री अस्पताल में भर्ती हैं। पिछले साल तेजस फाइटर जेट उड़ाते वक्त उन्हें बड़ी तकनीकी दिक्कत का सामना करना पड़ा था, पर उन्होंने साहस नहीं खोया और विमान को सुरक्षित लैंड कराया था। इसके लिए उन्हें शौर्य चक्र से नवाजा गया था।

अंतिम यात्रा

जनरल बिपिन रावत की पार्थिव देह आज उनके दिल्ली स्थित घर पहुंच जाएगी। शुक्रवार सुबह 11 से दोपहर 2 बजे के बीच लोग रावत के दिल्ली स्थित घर पर अंतिम दर्शन कर सकेंगे। इसके बाद कामराज मार्ग से बरार चौराहे शवयात्रा निकाली जाएगी। दिल्ली कैन्टोन्मेंट में अंतिम संस्कार होगा।

रक्षा मंत्री का बयान

राजनाथ सिंह ने संसद में 4 मिनट के बयान में उन्होंने हादसे में मारे गए सभी लोगों के बारे में जानकारी दी और रावत के अंतिम संस्कार के बारे में भी बताया। रक्षा मंत्री ने कहा, “हेलिकॉप्टर का संपर्क दोपहर 12:08 पर एयर ट्रैफिक कंट्रोल से टूट गया था। इसके बाद वह क्रैश हो गया। स्थानीय लोग जब घटनास्थल पर पहुंचे तो हेलिकॉप्टर में आग लग गई थी। रेस्क्यू टीमें मौके पर भेजी गईं। हादसे में बचे ग्रुप कैप्टन वरुण सिंह को वेलिंगटन के अस्पताल में भर्ती किया गया है, जहां वे लाइफ सपोर्ट पर हैं। उनकी जान बचाने की कोशिशें जारी हैं।”

Mi-17 V5 हादसे के शिकार हुए

हादसे का शिकार हुए Mi-17 V5 हेलिकॉप्टर में जनरल रावत, उनकी पत्नी के अलावा ब्रिगेडियर एलएस लिद्दर, लेफ्टिनेंट कर्नल हरजिंदर सिंह, विंग कमांडर पीएस चौहान, स्क्वॉड्रन लीडर के सिंह, नायक गुरसेवक सिंह, नायक जितेंद्र कुमार, लांस नायक विवेक कुमार, लांस नायक बी. साई तेजा, जूनियर वारंट ऑफिसर दास, जूनियर वारंट ऑफिसर ए प्रदीप और हवलदार सतपाल सवार थे। इन सभी की मौत हो गई।