वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने आज 2022-23 का बजट पेश किया। इस दौरान उन्होंने देश में 5G और ऑप्टिकल फाइबर सेवाओं को लेकर बड़े ऐलान किए। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने बजट 2022 को पेश करते हुए कहा कि जल्द ही ई-पासपोर्ट जारी किए जाएंगे जो कि माइक्रो चिप से लैस होंगे। उन्होंने कहा कि निजी दूरसंचार प्रदाताओं के लिए 2022-23 के भीतर 5G मोबाइल सेवाओं के शुरू करने के लिए आवश्यक स्पेक्ट्रम की नीलामी होगी, हालांकि 5जी इस्तेमाल के लिए लोगों को अगले साल का इंतजार करना पड़ सकता है। वित्त मंत्री ने कहा है कि स्पेक्ट्रम की नीलामी इस साल होगी। बता दें कि मई 2022 तक टेलीकॉम कंपनियों को ट्रायल की अनुमति मिली है।
5G सर्विस के शुरू होने के बाद यूजर अपने 5G स्मार्टफोन का और बेहतर ढंग से यूज कर पाएंगे। साथ ही 5G के आने के देशभर में इंटरनेट यूजर्स को हाई-स्पीड नेट सर्फिंग और फास्ट वीडियो स्ट्रीमिंग का बिल्कुल नया एक्सपीरियंस होगा। वित्त मंत्री ने ऐलान किया कि साल 2025 तक देश के सभी गांवों में ऑप्टिकल फाइबर पहुंच जाएगा। देश में जल्द से जल्द 5G सर्विस को शुरू करने की जिम्मेदारी अब टेलिकॉम कंपनी- एयरटेल, रिलायंस जियो और वोडाफोन-आइडिया पर होगी। वित्त मंत्री ने कहा कि ग्रामीण और दूर-दराज के इलाकों में सस्ती दरों पर ब्रॉडबैंड और मोबाइल सेवा पहुंचाने के लिए Universal Service Obligation Fund का 5 प्रतिशत भी दिया जाएगा।
वित्त मंत्री ने कहा कि भारतीय रिजर्व बैंक 2022-23 में डिजिटल रुपये जारी करेगा। इसके लिए ब्लॉकचेन और अन्य टेक्नोलॉजी की मदद ली जाएगी। भारत के पहले डिजिटल करेंसी का नाम RBI डिजिटल रुपी होगा।
