वोट नहीं, मछलियां पकड़ रहे हैं राहुल” – रविकिशन का राहुल पर चुटीला वार
बिहार चुनावी समर में नेताओं के बीच जुबानी तीर लगातार चल रहे हैं। बेगूसराय में सभा के बाद राहुल गांधी का मछली पकड़ते हुए वीडियो वायरल क्या हुआ, भाजपा सांसद रवि किशन ने उसी पर सटीक तंज कस दिया। उन्होंने कहा “राहुल गांधी के हाथ जितनी मछलियां लगीं, उससे कम वोट उन्हें मिलेंगे। हम लोग वोट पकड़ रहे हैं, वो मछली पकड़ रहे हैं।” रवि किशन के इस बयान पर राजनीतिक गलियारों में हलचल है। भाजपा सांसद ने आगे कहा कि राहुल मछलियां पकड़ने में व्यस्त हैं जबकि एनडीए के नेता जनता के बीच जाकर दिल और वोट दोनों पकड़ रहे हैं।
मुंगेरी लाल के सपनों में खोए तेजस्वी” – चिराग पासवान ने कसा का तंज
तेजस्वी यादव ने हाल ही में बयान दिया था कि “14 नवंबर को परिणाम आएगा और 18 नवंबर को मैं शपथ लूंगा।” उनके इस आत्मविश्वास पर केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने व्यंग्य बाण छोड़ा। चिराग ने कहा “मुंगेरी लाल के हसीन सपने देखने में कोई बुराई नहीं, लेकिन हकीकत यह है कि 14 नवंबर को नीतीश कुमार के नेतृत्व में फिर NDA की सरकार बनेगी।” उन्होंने आगे कहा कि तेजस्वी के सपने बिहार की जनता को अब भ्रमित नहीं कर पाएंगे, क्योंकि लोग स्थिरता और विकास की राजनीति चाहते हैं।
“प्रधानमंत्री पर टिप्पणी की मर्यादा होनी चाहिए” – चिराग ने साधा कांग्रेस पर निशाना
राहुल गांधी के हालिया बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए चिराग पासवान ने कहा— “क्या कोई मौजूदा प्रधानमंत्री के बारे में इस तरह की बात कह सकता है?”
उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश निर्णायक फैसले ले रहा है, और ऐसी गैर-जिम्मेदार बातें केवल वही कर सकते हैं जिनकी पार्टी में फैसले एक ही परिवार से लिए जाते हैं। चिराग ने कांग्रेस और महागठबंधन को लोकतंत्र की मर्यादा याद दिलाते हुए कहा कि राजनीतिक असहमति में भी शालीनता जरूरी है।
“बिहार को लालटेन नहीं, रोशनी चाहिए” – फडणवीस का तेजस्वी पर वार
सहरसा के सिमरी बख्तियारपुर में महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने रविवार को चुनावी सभा को संबोधित करते हुए तेजस्वी यादव पर करारा प्रहार किया।
उन्होंने कहा “बिहार चलाना बच्चों का खेल नहीं है। बिहार को अब बिजली चाहिए, लालटेन नहीं।” फडणवीस ने कहा कि यह चुनाव तय करेगा कि बिहार विकास के रास्ते पर आगे बढ़ेगा या फिर पुराने ‘जंगलराज’ की अंधेरी गलियों में लौट जाएगा।
“NDA ने दिए सम्मान, घर और उजाला” – विकास बनाम वादों की लड़ाई
फडणवीस ने एनडीए सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा “किसानों को सम्मान निधि मिली, गरीबों को पक्का घर, युवाओं को रोजगार और महिलाओं को आत्मनिर्भरता।”
उन्होंने कहा कि एनडीए की नीतियों ने बिहार की तस्वीर बदली है, जबकि विपक्ष के पास केवल वादे हैं।
“यह चुनाव बिहार के भविष्य की दिशा तय करेगा स्थिरता और विकास बनाम अराजकता और भ्रम की लड़ाई,” फडणवीस ने अपने भाषण के समापन में कहा।
बिहार की सियासी जमीन पर नेताओं के बयानों की तलवारें पहले से ज्यादा तेज हो चुकी हैं। एक ओर एनडीए विकास और स्थिरता का दावा कर रही है, तो दूसरी ओर महागठबंधन बदलाव की हवा दिखाने में जुटा है। मगर चुनावी माहौल में जो सबसे गूंजता है वो है जनता की आवाज़, जो 14 नवंबर को तय करेगी कि बिहार किस दिशा में आगे बढ़ेगा “लालटेन की लौ में या विकास की रोशनी में।”
