बिहार में सोमवार को आठ जिलों में कोरोना टीकाकरण नहीं हो सका। कोविन पोर्टल के अनुसार मधेपुरा, अरवल, लखीसराय, मुंगेर, सीतामढ़ी, शेखपुरा, दरभंगा व बेगूसराय में एक भी व्यक्ति को कोरोना का टीका नहीं दिया जा सका। राज्य में कोरोना टीका की लगातार कमी के कारण कोरोना टीकाकरण कार्य प्रभावित हो रहा है। इसमें अभी तत्काल सुधार की स्थिति नहीं बन रही है। कोविन पोर्टल के अनुसार सोमवार को आठ बजे तक 44,124 व्यक्तियों को कोरोना टीका दिया गया। राज्य में कुल 797 केंद्रों पर कोरोना का टीका दिया गया।
तीन जिलों में 100 से कम लोगों को लगा टीका
राज्य के तीन जिलों में सौ से कम व्यक्तियों को कोरोना टीका दिया गया। इनमें सहरसा में 12, कटिहार में 73, खगड़िया में छह व्यक्तियों को कोरोना टीका दिया गया।
नौ जिलों में 500 से कम को लगा टीका
राज्य के नौ जिलों में पांच सौ से कम व्यक्तियों को कोरोना टीका दिया गया। इनमें पूर्णिया में 184, किशनगंज में 247, रोहतास में 109, शिवहर में 219, जहानबाद में 139, नवादा में 384, मधुबनी में 150, समस्तीपुर में 140, गोपालगंज में 494 व्यक्तियों को कोरोना टीका दिया गया।
पटना में 17,388 तो 14 जिलों में पांच सौ से अधिक का टीकाकरण
पटना में सर्वाधिक 17,388 व्यक्तियों को कोरोना टीका दिया गया। जबकि 14 जिलों में पांच सौ से अधिक व्यक्तियों को कोरोना टीका मिला। इनमें सुपौल में 691, अररिया में 2986, औरंगाबाद में 1064, गया में 6486, कैमूर में 1185, बांका में 645, मुजफ्फरपुर में 914, लखीसराय में 838, नालंदा में 599, बक्सर में 763, सारण में 1654, पूर्वी चंपारण में 3209, सीवान में 1100, पश्चिमी चंपारण में 1704 व्यक्तियों को टीका दिया गया।

