दुनियाभर में फ़ैल रहे मंकीपॉक्स (Monkeypox) मामलों के बीच संयुक्त राज्य अमेरिका ने मंकीपॉक्स के प्रकोप को सार्वजनिक स्वास्थ्य आपातकाल (Public Health Emergency) घोषित कर दिया है। यह घोषणा राष्ट्रपति बाइडेन के स्वास्थ्य सचिव जेवियर बेसेरा (Xavier Becerra) ने की। रॉयटर्स के मुताबिक बाइडेन के प्रशासन ने वायरस की गंभीरता को देखते हुए यह कदम उठाया है।
इस प्रकोप से निपटने के लिए अमेरिकी सरकार दबाव में आ गई है। 2 अगस्त को राष्ट्रपति बाइडन ने दो शीर्ष अधिकारियों को इस वायरस से निपटने का जिम्मा दिया था। जेवियर बेसेरा ने एक ब्रीफिंग में कहा, “हम इस वायरस से निपटने के लिए अपनी प्रतिक्रिया को अगले स्तर तक ले जाने के लिए तैयार हैं, और हम हर अमेरिकी से मंकीपॉक्स को गंभीरता से लेने का आग्रह करते हैं।”
बुधवार तक, संयुक्त राज्य अमेरिका ने 6,600 से ज़्यादा मंकीपॉक्स के मामले दर्ज किए थे, जिसमें प्रति व्यक्ति उच्चतम दर वाशिंगटन, न्यूयॉर्क और जॉर्जिया में थी। इसमें से 99 फीसदी से ज्यादा मामले पुरुषों के साथ सेक्स करने वाले पुरुषों में मिले हैं। संयुक्त राज्य अमेरिका में जाने से पहले यह बीमारी यूरोप में फैलनी शुरू हुई, जिसमें अब दुनिया में सबसे अधिक मामले हैं।
