जॉनी डेप (Johnny Depp) और एंबर हर्ड (Amber Heard) का मानहानि का मुकदमा (Defamation Case) हाल ही में समाप्त हुआ। वर्जीनिया (Virginia) के फेयरफैक्स (Fairfax) में चले इस मुकदमे में जॉनी डेप को जीत हासिल हुई। अब इस घटना ने एक विचित्र मोड़ लिया है। दरअसल, अभिनेत्री के केस हारने के बाद अब एक सऊदी व्यक्ति ने एंबर से शादी करने का प्रपोजल दिया है। उसने इंस्टाग्राम पर एंबर को एक वॉयस नोट भी भेजा है और खुद को जॉनी डेप से बेहतर बताया है।
यह वॉयस नोट Bee4andafter_kw नामक इंस्टाग्राम अकाउंट पर पोस्ट किया गया है। इस वॉयस नोट में साऊदी के इस शख्स ने कहा, “एंबर चूंकि आपके सारे दरवाजे बंद हो चुके हैं, आपकी देखभाल करने के लिए मेरे अलावा आपके पास कोई नहीं है। मैंने देखा है कि कुछ लोग आपसे नफरत करते हैं और आपको धमकाते हैं, इसलिए, मैंने आपसे शादी करने का फैसला किया। अल्लाह हम दोनों का भला करे। आप एक आशीर्वाद हैं, लेकिन लोग इसकी सराहना नहीं करते हैं। मैं उस बूढ़े आदमी से बेहतर हूं।” इस वॉयस नोट पर अब लोगों के जमकर रिएक्शन आने शुरू हो गए हैं।
बता दें की कई वर्षों की डेटिंग के बाद, डेप और हर्ड ने 2015 में लॉस एंजिल्स में अपने घर में एक बहुत ही निजी समारोह में शादी की। 23 मई 2016 को, हर्ड ने डेप से तलाक के लिए अर्जी दी और जॉनी के खिलाफ एक टेम्पररी रिस्ट्रेनिंग आर्डर प्राप्त किया। बाद में जॉनी ने कोर्ट में दावा किया था कि एंबर ने खुद को घरेलू शोषण का शिकार बताकर उन्हें बदनाम किया था। लंबी सुनवाई के बाद जूरी ने एंबर को जॉनी डेप को 15 मिलियन डॉलर का भुगतान करने के आदेश दिया है।
