कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने शुक्रवार को बिहार में विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण से पहले बांका और भागलपुर सहित कई चुनावी रैलियों को संबोधित किया।भारतीय जनता पार्टी की आलोचना करते हुए राहुल ने दावा किया कि दिल्ली में मतदान करने वाले भाजपा नेताओं ने बिहार में विधानसभा चुनाव के पहले चरण के दौरान भी वोट डाला था।

लोकसभा में विपक्ष के नेता ने कहा, ‘‘मुझे कल पता चला कि दिल्ली में वोट डालने वाले भाजपा नेताओं ने बिहार चुनाव के पहले चरण में भी मतदान किया।’’राहुल ने भागलपुर में रैली के दौरान कहा कि कुछ भाजपा नेता हैं जो “उत्तर प्रदेश में रहते हैं, यूपी में वोट देते हैं और चुनाव के दौरान वही लोग हरियाणा में वोट देते हैं।”

यह दावा आम आदमी पार्टी द्वारा गुरुवार को किए गए उस दावे के बाद आया है जिसमें कहा गया था कि राज्यसभा सांसद राकेश सिन्हा और दिल्ली भाजपा के पूर्वांचल मोर्चा के अध्यक्ष संतोष ओझा सहित भाजपा नेताओं ने, जिन्होंने फरवरी में दिल्ली में मतदान किया था, 6 नवंबर को बिहार में भी वोट डाला था। सिन्हा और ओझा दोनों ने दावों का खंडन किया।

बांका में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए राहुल ने यह भी कहा कि कांग्रेस ने 5 नवंबर को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में हरियाणा में “वोट चोरी” के “सबूत” पेश किए थे। उन्होंने आगे कहा कि चुनाव आयोग इन आरोपों से इनकार नहीं कर सकता।

बिहार में चुनावी रैलियों के दौरान राहुल ने पहले लगाए गए “वोट चोरी” के आरोपों को भी दोहराया और दावा किया कि हरियाणा में 2 करोड़ मतदाताओं में से “29 लाख मतदाता फर्जी हैं।”

राहुल ने आरोप लगाया, ‘‘भाजपा ने मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और हरियाणा में ‘वोट चोरी’ की और अब वे इसे बिहार में दोहराने की कोशिश कर रहे हैं।’’ उन्होंने कहा कि बिहार के लोग ‘‘ऐसा नहीं होने देंगे।’’

कांग्रेस नेता ने यह भी आरोप लगाया कि हरियाणा की मतदाता सूची में एक ब्राज़ीलियाई महिला का चेहरा 22 बार दिखाई दे रहा है। राहुल ने दावा किया, “एक बूथ पर एक महिला 200 बार वोट डाल सकती है। उसकी तस्वीर मतदान सूची में 200 बार दोहराई गई है।”