मोबाइल लाइट्स से रोशन हुआ समस्तीपुर का मैदान, पीएम के आने से छाया माहौल

शुक्रवार की दोपहर समस्तीपुर के दूधपूरा में जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंच पर आए, तो पूरा मैदान तालियों और नारों से गूंज उठा। एनडीए प्रत्याशियों के समर्थन में आयोजित इस जनसभा में प्रधानमंत्री ने एक अनोखे अंदाज में जनता से संवाद किया। उन्होंने कहा, “जरा अपने मोबाइल की लाइट जलाइए।” पलक झपकते ही पूरा मैदान उजाले से भर गया। इसके बाद मुस्कुराते हुए पीएम ने पूछा “इतनी रोशनी में भी आपको लालटेन की जरूरत है क्या?” भीड़ से गूंजता जवाब आया “नहीं!”
प्रधानमंत्री ने कहा, “यही तो नया बिहार है, जिसे अब लालटेन नहीं बल्कि डिजिटल युग की रौशनी चाहिए।”

हर घर में इंटरनेट, हर हाथ में मोबाइल

प्रधानमंत्री ने कहा कि यह सरकार ही है जिसने गांव-गांव में इंटरनेट पहुंचाया और उसे आम लोगों की पहुंच में सस्ता बनाया। उन्होंने कहना है कि , “दूसरे देशों में एक जीबी डेटा सौ-डेढ़ सौ रुपए में आता है, लेकिन इस चाय वाले ने डेटा को इतना सस्ता कर दिया कि अब एक जीबी एक कप चाय से ज्यादा महंगा नहीं है।” मोदी ने समझाते हुए कहा कि सस्ते इंटरनेट ने युवाओं के जीवन को बदल दिया है। आज बिहार और देश के नौजवान सोशल मीडिया, वीडियो क्रिएशन और डिजिटल प्लेटफॉर्म्स के जरिए कमाई कर रहे हैं। उन्होंने कहा, “हमारे युवा अब रोजगार मांगने वाले नहीं, बल्कि रोजगार देने वाले बन रहे हैं।”

नई रफ्तार से चलेगा बिहार, जब आएगी NDA सरकार

प्रधानमंत्री ने कहा कि “जंगलराज के दिनों को बिहार की जनता भूल नहीं सकती। जो लोग आज वोट मांग रहे हैं, वही कभी बिहार को अंधेरे में डुबो चुके हैं। राजद और कांग्रेस के नेता भ्रष्टाचार के मामलों में जमानत पर हैं। जिनकी आदत चोरी की है, वे अब जननायक की उपाधि तक चुराने लगे हैं।हम कर्पूरी ठाकुर जी के अपमान को कभी बर्दाश्त नहीं करेंगे। वह जनता के असली नायक थे, न कि वे जो नाम का उपयोग कर वोट मांगते हैं।”

एनडीए के नेताओं की एकजुट मौजूदगी, दिखा गठबंधन का दमखम

प्रधानमंत्री की इस सभा में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी, चिराग पासवान , जीतन राम मांझी (, उपेंद्र कुशवाहा और केंद्रीय मंत्री नित्यानंद राय मंच पर मौजूद रहे। सभा में हजारों की भीड़ उमड़ी, मैदान में “मोदी-नीतीश जिंदाबाद” और “फिर एक बार NDA सरकार” के नारे गूंज उठे। प्रधानमंत्री ने कहा, “आपका यह उत्साह बताता है कि इस बार बिहार जीत के सारे रिकॉर्ड तोड़ने जा रहा है। नीतीश बाबू के नेतृत्व में एनडीए अब तक का सबसे बड़ा जनादेश पाएगा।”

RJD और कांग्रेस ने बिहार के प्रति की भावना

प्रधानमंत्री ने अपने भाषण में कहा कि अक्टूबर 2005 बिहार के लिए ऐतिहासिक था, जब राज्य ने जंगलराज से मुक्ति पाई थी और सुशासन की शुरुआत हुई थी।
उन्होंने कहा, “नीतीश जी की सरकार बनने के बाद भी केंद्र की कांग्रेस-राजद सरकार ने बिहार की परेशानी बढ़ाने में कोई कमी नहीं छोड़ी।राजद वाले कांग्रेस को धमकाते थे — अगर बिहार को प्रोजेक्ट दिया या मदद की तो गठबंधन तोड़ देंगे। यही उनकी राजनीति थी, बदले की राजनीति।”
उन्होंने कहा कि बिहार की जनता अब जाग चुकी है, वह जानती है कि विकास और स्थिरता केवल एनडीए ही दे सकता है।

जननायक कर्पूरी ठाकुर को नमन किया , समस्तीपुर पहुंचकर दी श्रद्धांजलि

सभा से पहले प्रधानमंत्री मोदी समस्तीपुर के कर्पूरी ग्राम पहुंचे, जहां उन्होंने भारत रत्न कर्पूरी ठाकुर की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की। पीएम ने ठाकुर परिवार के सदस्यों से मुलाकात की और भावुक होकर कहा कि “कर्पूरी जी का जीवन त्याग, सादगी और समाज सेवा का प्रतीक था। उनकी सोच आज भी हमारे लिए मार्गदर्शक है।”
कर्पूरी ग्राम में पीएम के स्वागत में पारंपरिक गीत-संगीत और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी हुईं। प्रधानमंत्री ने स्थानीय कलाकारों के साथ फोटो भी खिंचवाया।

JDU के गढ़ से अभियान की शुरुआत – एनडीए का फोकस साफ

प्रधानमंत्री ने इस बार अपने चुनावी अभियान की शुरुआत जेडीयू के गढ़ समस्तीपुर से की है।
समस्तीपुर जिले की 10 विधानसभा सीटों में से 7 जेडीयू, 2 बीजेपी और 1 एलजेपी के प्रत्याशी मैदान में हैं।
सभा के अंत में प्रधानमंत्री ने जनता को आश्वासन दिया
“बिहार अब नई रफ्तार से आगे बढ़ेगा। यह रफ्तार तभी कायम रहेगी जब जनता फिर एक बार एनडीए सरकार चुनेगी। हमें सुशासन, विकास और विश्वास का यह सिलसिला जारी रखना है।”

जनता के जोश ने दिया संकेत – बिहार तय कर चुका है दिशा

सभा समाप्त होने तक समस्तीपुर का मैदान “मोदी-मोदी” और “नीतीश जिंदाबाद” के नारों से गूंजता रहा।
लोगों में प्रधानमंत्री के हर शब्द पर जोश और गर्व झलक रहा था।
एनडीए नेताओं का विश्वास और जनता का उत्साह यह संकेत दे रहा था कि बिहार ने आने वाले चुनावों में अपनी दिशा तय कर ली है — विकास की, स्थिरता की और सुशासन की।