ट्विटर, गूगल, माइक्रोसॉफ्ट के बाद अब एक और प्लेटफॉर्म के सीईओ के रूप में भारतीय को चुना गया है। दरअसल, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ओनली फैंस (Only Fans) के सीईओ के रूप में आम्रपाली गण (Amrapali Gan) को चुना गया है। वो इस प्लेटफॉर्म की, टिम स्टोकली (Tim Stokely) के बाद अगली सीईओ होंगी।
स्टोकली ने पिछले पांच वर्षों से कंपनी का नेतृत्व किया है और इस कंपनी के विकास को जारी रखने और रचनाकारों को सशक्त बनाने के लिए अपनी दृष्टि और प्रतिबद्धता को आगे बढ़ाने के लिए आम्रपाली को नियुक्त किया है। Only Fans एक सब्सक्रिप्शन-बेस्ड सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म है जो एडल्ट कंटेंट की मेजबानी के लिए जाना जाता है। इस प्लेटफॉर्म के उपयोग में महामारी के दौरान स्पाइक देखा गया है। इसके 180 मिलियन रजिस्टर्ड यूजर्स हैं और दुनिया भर में दो मिलियन से अधिक क्रिएटर्स हैं।
36 वर्षीय आम्रपाली ने पहले OnlyFans के लिए चीफ मार्केटिंग और कम्युनिकेशन ऑफिसर के रूप में कार्य किया और वो 2020 से हीं इस संगठन के साथ हैं। उनका जन्म मुंबई में हुआ था। OnlyFans में शामिल होने से पहले, आम्रपाली ने तेजी से विकास करने वाली कंपनियों और तेजी से बढ़ते उपभोक्ता उद्योगों के साथ काम किया। वह रेड बुल (Red Bull), क्वेस्ट न्यूट्रिशन (Quest Nutrition) और लॉस एंजिल्स स्थित कैनबिस कैफे के साथ थी।
