बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार (Nitish Kumar) ने राजधानी पटना में जयप्रभा मेदांता अस्पताल (Jai Prabha Medanta Hospital) का उद्घाटन किया। इस मौके पर डिप्टी सीएम तारकिशोर प्रसाद (Tarkishore Prasad), स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय (Mangal Pandey) और उद्योग मंत्री शाहनवाज हुसैन (Shahnawaz Hussain) भी मौजूद थे। यह अस्पताल खुलने से बिहारवासियों को बड़ी राहत मिलेगी। अब उन्हें इलाज के लिए दूसरे राज्यों में नहीं जाना पड़ेगा।
ये 500 बेड वाला सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल है। इस अस्पताल में 25 फीसदी बेड गरीब मरीजों के लिए आरक्षित होगा। इसके साथ ही यहाँ 48 आईसीयू बेड तैयार किये गए हैं। यहाँ इमरजेंसी, आईसीयू, कार्डियोलॉजी, कैथलैब, हृदय रोगियों के लिए सीसीयू, ओटी, न्यूरो सर्जरी, हृदय रोग की सर्जरी, डायलिसिस, नेफ्रोलॉजी, मेडिसीन और गेस्ट्रो विभाग से जुड़े ओपीडी और इंडोर समेत सभी सुविधाएं शुरू की जाएंगी।
इस से पहले नीतीश कुमार ने पिछले साल इस अस्पताल में ओपीडी सेवा शुरू की थी। गरीब मरीजों के इलाज को लेकर पहले ही अस्पताल प्रबंधन और राज्य सरकार के बीच समझौता पत्र पर हस्ताक्षर हो चुका है। वहीं, लैब के साथ एक्सरे, दो एमआरआई, सिटी सकैन, मेमोग्राफी समेत सभी तरह के उच्चस्तरी लैब में जांच शुरू हो जाएगी। सोमवार से इस अस्पताल में 330 बेड पर मरीजों के इलाज की सुविधा उपलब्ध होगी।
