गूगल (Google) हर बार खास दिन को और भी खास बनाने के लिए एक डूडल (Doodle) बनाता है। आज का डूडल, गूगल ने भारतीय सेल जीवविज्ञानी डॉ कमल रणदिवे (Dr Kamal Ranadive) को समर्पित किया है। आज डॉ कमल रणदिवे का 104 वां जन्मदिन है। इन्हें विज्ञान और शिक्षा में समानता लाने के प्रयासों के लिए भी जाना जाता है। कमल एक बायोमेडिकल शोधकर्ता थीं जिन्हें कैंसर के विशेष शोधकार्य के लिए जाना जाता है।
आज का डूडल भारत के गेस्ट आर्टिस्ट इब्राहिम रयिन्ताकथ (Ibrahim Rayintakath) द्वारा बनाया गया है। इस डूडल में कमल को माइक्रोस्कोप में देखते हुए दिखाया गया है। इसके साथ ही बगल में स्टैंड में टेस्ट ट्यूब को दिखाया गया है। इस डूडल में कमल ने नीले कलर का एप्रन पहना हुआ है, साथ ही उनके आस-पास बहुत सारे माइक्रोब्स और कीटाणु दिखाए गए है।
डॉ रणदिवे का जन्म 8 नवंबर 1917 में पुणे, भारत में हुआ था। उनके पिता दिनकर दत्तात्रेय समर्थ बायोलॉजिस्ट थे और पूणे के फर्ग्यूसन कॉलेज में पढ़ाया करते थे। 1949 में, उन्होंने Indian Cancer Research Center (ICRC) में एक शोधकर्ता के रूप में काम करते हुए, कोशिकाओं के अध्ययन में डॉक्टरेट की उपाधि प्राप्त की। कमल को पद्म भूषण से भी सम्मानित किया गया था।
