बिहार की राजधानी पटना में अपराधियों के हौंसले बुलंद हैं. अपराधी आए दिन हत्या, लूट जैसे घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं. जानकारी अनुसार बुधवार रात करीब 8.30 बजे 34 साल के बीरेंद्र की बाइक सवार दो शूटरों ने गोली मारकर हत्या कर दी. वहीं, इस दौरान एक छोटे बच्चे को भी गोली लग गयी, लेकिन वह बच गया. फिलहाल, वो आईजीआईएमएस में इलाजरत है. इधर, घटना से नाराज मृतक के परिजनों और स्थानीय लोगों ने गुरुवार की सुबह आईजीआईएमएस के सामने सड़क जाम कर प्रदर्शन करना शुरू कर दिया.
मामला राजधानी के शास्त्री नगर थाना क्षेत्र की है, जहां बीती रात अपराधियों ने इंदिरा गांधी आयुर्वेदिक संस्थान के नजदीक राजा बाजार में गेट नंबर-1 के पास दवा व्यवसायी की गोली मारकर हत्या कर दी. घटना के संबंध में मृतक के साले ने बताया कि मृतक से रंगदारी मांगी जाती है. अपराधियों की ओर से उन्हें रोज धमकी दी जाती है. दिलीप ने बताया कि मृतक पहले भी एक बार एफआईआर करवाने शास्त्रीनगर नगर थाने गए थे, लेकिन थानाध्यक्ष ने उन्हें वापस लौटा दिया. इसी क्रम में बीती रात उन्हें गोली मार दी. उन्होंने कहा, ” हम न्याय चाहते हैं.
उनके तीन बच्चे हैं, अब उन्हें कौन देखेगा? हम प्रशासन से यही उम्मीद रखते हैं कि मृतक के परिजनों को न्याय मिलनी चाहिए. नीतीश कुमार से भी हम यही उम्मीद रखते हैं.” उन्होंने कहा कि शास्त्रीनगर थाना प्रभारी की ओर से पहले भी कोई सहयोग नहीं दिया गया और अभी भी कोई सहयोग नहीं मिल रहा है. अभी जो नीतीश कुमार की सरकार है, वह बिल्कुल निक्कमी सरकार है. उनको इस्तीफा दे देना चाहिए. उनसे यह पद नहीं संभाला जा रहा है.

