darbhanga blastdarbhanga blast

दरभंगा रेलवे स्टेशन पर पार्सल में हुए धमाके की गुत्थी सुलझाने में अब एटीएस की तेलंगाना टीम भी जुट गई है। एटीएस, बिहार के अधिकारी तेलंगाना पुलिस के संपर्क में हैं। बताया जाता है कि जांच एजेंसियों को पार्सल से जुड़े लोगों के बारे में अहम जानकारी मिली है, जिसके आधार पर छापेमारी हो रही है। 

मामले की तह तक पहुंचने के लिए संदिग्धों की गिरफ्तारी को अहम कड़ी के रूप में देखा जा रहा है। मालूम हो कि गत 17 जून को अपराह्न 03.25 बजे दरभंगा रेलवे स्टेशन पर पार्सल में धमाका हुआ था। धमाके से कोई बड़ा नुकसान नहीं हुआ, पर इसके पीछे की वजहों का पता लगाने में कई एजेंसियां जुट गई हैं। 

बिहार और एटीएस, तेलंगाना की टीम के साथ दरभंगा की पुलिस और जीआरपी भी जांच में जुटी है। संदिग्धों तक पहुंचने के लिए सिकंदराबाद स्टेशन से लेकर दरभंगा स्टेशन के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। वहीं, पार्सल किसने और किस व्यक्ति को भेजा था इसका पता लगाया जा रहा है। हालांकि पार्सल भेजने और मंगाने वालों की गिरफ्तारी के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो पाएगी। 

जीआरपी ने रेलवे कोर्ट को सौंपे साक्ष्य
दरभंगा जंक्शन पर गुरुवार को हुए ब्लास्ट मामले में शनिवार को अभी तक प्राप्त सभी साक्ष्यों को जीआरपी के प्रभारी थानाध्यक्ष वीरेंद्र मांझी ने लैब में जांच के लिए रेलवे कोर्ट के माध्यम से उपलब्ध करा दिया। इसमें पार्सल में विस्फोट हुए पैकेट से बरामद छोटी बोतल के अलावा जले कपड़ों के नमूने भी हैं। 

इधर, शनिवार को रेल पुलिस के मुख्यालय डीएसपी अतनु दत्ता भी दरभंगा जंक्शन पहुंचे। उन्होंने ब्लास्ट स्थल का मुआयना किया। ब्लास्ट हुए पार्सल पैकेट की जांच भी की। कई तरह के निर्देश भी अधिकारियों को दिए। उधर, शनिवार को जीआरपी एवं आरपीएफ की देखरेख में पार्षल पैकेट की जांच भी पूरे दिन होती रही। 

मामला हो सकता है गंभीर, जांच का बढ़ रहा दायरा
सिकंदराबाद से भेजे गए पार्सल को ट्रेन से उतारते के बाद प्लेटफॉर्म पर धमाका हुआ था। धमाका किस वजह से हुआ और इसके पीछे कौन लोग हैं इस संबंध में अधिकारी कुछ कहने से बच रहे हैं। माना जा रहा है जांच के प्रभावित होने की आशंका के मद्देनजर गोपनीयता बरती जा रही है। 

जिस तरह से जांच का दायरा बढ़ता जा रहा है उससे विस्फोट के पीछे गहरी साजिश से इनकार नहीं किया जा सकता। एफएसएल की टीम भी जांच में जुटी है। पार्सल से लिए गए नमूनों की जांच के बाद धमाके की वजह को लेकर तस्वीर और साफ होने की संभावना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *