NITISH BON ROADNITISH BON ROAD

कोरोना के मामले तेजी से कम होने के बाद बिहार भी अनलॉक हो चुका है। लोगों को कई तरह की सहुलियतें दी जा चुकी हैं। अनलॉक होने के बाद की स्थिति का जायजा लेने गुरुवार की सुबह खुद मुख्यमंत्री NITISH KUMAR  पटना की सड़कों पर निकले। इस दौरान उन्होंने कई इलाकों का निरीक्षण किया। उन्होंने देखा कि काफी संख्या में लोग बिना मास्क ही घूम रहे हैं। सोशल डिस्टेंसिंग भी नहीं दिखाई दी।

इस स्थिति से नीतीश कुमार काफी नाराज दिखाई दिये। उन्होंने इसे लेकर अधिकारियों को कई निर्देश दिये और ट्वीट कर लोगों से कोरोना प्रोटोकाल का पालन करने की अपील की। नीतीश ने ट्वीट कर अपने भ्रमण के बारे में बताया। नीतीश ने लिखा कि आज पटना शहर में कुछ इलाकों का भ्रमण किया। देखा कि कई लोग अभी भी मास्क नहीं पहन रहे हैं। लोगों की इस चूक से कोरोना संक्रमण बढ़ सकता है। बिहारवासियों से अपील है कि मास्क अवश्य लगाएं और 2 गज की दूरी बनाए रखें।

बिहार में बुधवार को 589 नए मरीजों की पहचान हुई। पिछले 24 घंटे में 1 लाख 196 सैम्पल की कोरोना जांच की गई। राज्य में संक्रमण दर कम होकर 0.58 फीसदी हो गयी। पिछले 24 घंटे में 1114 संक्रमित मरीज इलाज के बाद स्वस्थ हो गए जबकि 20 संक्रमितों की मौत हो गई। राज्य में कोरोना संक्रमितों के स्वस्थ होने की दर 97.65 फीसदी हो गयी। राज्य में कोरोना के 7353 सक्रिय मरीज इलाजरत हैं। एक दिन पूर्व राज्य में 711 नए संक्रमित मिले थे और संक्रमण दर 0.68 फीसदी थी जबकि कोरोना संक्रमितों के स्वस्थ होने की दर 98.13 फीसदी थी। 

दो जिलों में नहीं मिले नए संक्रमित 
राज्य के दो जिलों बक्सर और कैमूर में कोरोना के नए संक्रमित नही मिले, जबकि 36 जिलों में कोरोना के नए संक्रमितों की पहचान हुई।  पटना और सुपौल में 50 से अधिक नए संक्रमित मिले, जबकि शेष 34 जिलों में 50 से कम नए संक्रमित मिले। पटना में 55 और सुपौल में 57 नए कोरोना संक्रमितों की पहचान हुई। 

13 जिलों में दस से कम नए संक्रमित मिले
राज्य के 13 जिलों में 10 से कम नए कोरोना संक्रमितों की पहचान हुई। अरवल में 8, बांका में 6, भोजपुर में 1, जमुई में 2, जहानाबाद में 3, कटिहार में 7, खगड़िया में 9, नवादा में 3, रोहतास में 7, शेखपुरा में 1, शिवहर में 3, सीतामढ़ी में 2 और पश्चिमी चंपारण में 6 नए संक्रमितों की पहचान हुई। 

21 जिलों में 10 से 50 के बीच मिले नए संक्रमित
राज्य के 21 जिलों में 11 से 50 के बीच नए कोरोना संक्रमित मरीज मिले। अररिया में 37, औरंगाबाद में 11, बेगूसराय में 12, भागलपुर में 14, दरभंगा में 19, पूर्वी चंपारण में 19, गया में 13, गोपालगंज में 20,किशनगंज में 13, लखीसराय में 13, मधेपुरा में 16, मधुबनी में 42, मुंगेर में 19, मुजफ्फरपुर में 24,नालन्दा में 14, पूर्णिया में 36, सहरसा में 21, समस्तीपुर में 24, सारण में 25, सीवान में 15 और वैशाली में 10 नए संक्रमितों की पहचान हुई।

अबतक 6.98 लाख संक्रमित स्वस्थ हो गए
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार राज्य में कोरोना की पहली और दूसरी लहर के दौरान अबतक 6 लाख 98 हजार 397 संक्रमित स्वस्थ हो गए। जबकि अबतक 7 लाख 15 हजार 179 संक्रमितों की पहचान हो चुकी है। अबतक राज्य में कोरोना संक्रमित 9429 मरीजों की मौत हो चुकी है। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *